सैमी जेन के दोनों कंधे हुए चोटिल, पूरे साल के लिए हुए बाहर

WWE रॉ के सुपरस्टार सैमी जेन को लेकर अफवाहें सामने आ रीह थी कि वो कंधे की चोट से परेशान हैं, लेकिन इस बात की जानकारी मिल नहीं पा रही थी कि उन्हें किस हद तक चोट लगी हुई है। WWE ने अब सैमी जेन की चोट को लेकर जानकारी दी है। सैमी जेन के दोनों कंधों में चोट लगी हुई है और वो 2018 में WWE में नजर नहीं आने वाले। WWE के साथ इंटरव्यू के दौरान, सैमी जेन ने अपने चोट के बारे में बात करते हुए कहा कि वो चोटिल होने के बावजूद कुछ समय से रैसलिंग कर रहे थे। जेन का मानना है कि मॉन्ट्रियाल में हुए लाइव इवेंट के दौरान उनके एक कंधे में चोट आई थी। जेन ने कहा कि उन्हें चोटिल कंधे के साथ रैसलिंग करने की आदत सी हो गई है, लेकिन बर्मिंघम के डॉक्टरों ने बताया कि उनके दोनों कंधों में चोट लग गई है। "मेरे दोनों कंधे चोटिल हो गए थे। मेरा सीधे कंधे का ऑपरेशन हुआ है। करीब डेढ़-2 महीने में दूसरे कंधे का भी ऑपरेशन होगा। उम्मीद करता हूं कि मैं जल्दी ठीक हो जाऊंगा। डॉक्टरों का कहना है कि सर्जरी काफी अच्छी हुई है। अभी मैं काफी ज्यादा दर्द से जूझ रहा हूं। शुरुआती दिनों में दर्द रहेगा। मेरी पिछली सर्जरी काफी दर्द भरी हुई थी। ठीक होने का प्रोसेस थोड़ा धीमा होता है।" आपको बता दें कि सैमी जेन को साल 2015 में जॉन सीना के साथ मंडे नाइट रॉ में यूनाइटेड स्टेट्स चैंपियनशिप मैच लड़ते हुए भी कंधे की चोट लगी थी। फिर उन्होंने साल 2016 में वापसी की और WWE को बताया था कि उनका कंधा अब पहले जितना मजबूत नहीं रहा है। सैमी जेन फिलहाल WWE में हील की भूमिका निभाते हुए बॉबी लैश्ले के साथ दुश्मनी में नजर आ रहे थे। उम्मीद की जा सकती है कि सैमी जेन अगले साल होने वाले रॉयल रम्बल तक वापसी कर लेंगे।