क्यों रोमन रेंस को हील बनाना WWE और उनके लिए फायदेमंद रहेगा ?

रोमन रेंस WWE के जाने-माने रैसलर हैं और उनका काम काफी लोगों को पसंद है। इतनी सराहना मिलने के बाद भी काफी दर्शक उनकी आलोचना करते हैं। उन्होंने बतौर शील्ड मेम्बर अपना डेब्यू किया था और सफलता भी प्राप्त की। उनके कपड़ों से लेकर उनके सुपरमैन पंच तक सभी फैंस को पसंद आया। कुछ सालों बाद विंस मैकमैहन ने रोमन रेंस को कंपनी का चेहरा बनाने का सोचा, ये बात फैंस को हैरान करने वाली थी क्योंकि फैंस के मुताबिक इसके सही हक़दार जॉन सेना थे, जिन्होंने दिन रात मेहनत की थी। वो सबसे पहले आकर, सबसे अंत में जाने वाले रैसलर थे और उनकी यही मेहनत बाद में रंग भी लायी क्योंकि उन्हें WWE का चेहरा बनाने के बारे में विचार हुआ। जब इस खींचातानी में रोमन रेंस आगे निकल गए तो उन्हें दर्शकों से काफी आलोचना मिली क्योंकि हार्डकोर रैसलिंग फैंस उन्हें जरा भी पसंद नहीं करते। उनकी रैसलिंग दिन प्रतिदिन सुधर रही है लेकिन रेंस माइक पर बोलने में इतने सफल नहीं दिखाई देते थे। इसकी एक झलक देखिए जॉन सेना और उनके बीच के एक प्रोमो में।

youtube-cover


अगर सीना अच्छे तरीके से नहीं बोलते तो शब्दों की ये लड़ाई बिलकुल फीकी रह जाती। एक बेबीफेस के तौर पर रोमन रेंस को कभी प्यार नहीं मिला और 'द फीनोम' को हराने के बाद उनकी स्वीकृति और कम हुई है। अपनी लगन और मेहनत के बावजूद भी बतौर एक बेबीफेस, वो लोगों के दिलों में जगह नहीं बना सके हैं। इसके कई कारण हो सकते हैं, पहला ये कि माइक पर ना बोल पाने के कारण उनके प्रोमोज में वो दम नज़र नहीं आता और दूसरा है उनकी सुपरमैन वाली छवि जिसे बदलने की ज़रुरत है ताकि वो फैंस के फेवरेट बन पाएं। तो अब सवाल है कि वो ये सब कैसे कर सकते हैं? रोमन रेंस के लिए सबसे अच्छा रहेगा कि उन्हें यूनिवर्सल टाइटल मैचों से हटाकर कुछ ऐसी दुश्मनियों में डाला जाए, जो लंबी हो। ये दुश्मनी किसी टाइटल के लिए नहीं होनी चाहिए, बल्कि ऐसी होना चाहिए जिससे किसी युवा सुपरस्टार को भी फायदा पहुंचाया जा सके। अगर माइक पर बोलना एक समस्या है तो WWE उन्हें पॉल हेमन के साथ जोड़ सकता है और इससे रेंस के प्रोमोज़ कट करने की समस्या ख़त्म हो जायेगी। अगर रेंस मिड-कार्ड रैसलर्स के साथ काम करते हैं तो उनके लिए ज़्यादा बेहतर होगा क्योंकि उनकी स्किल्स अभी उस स्तर की ही हैं। वो ज़्यादा मेहनत करके ये बात साबित कर सकते हैं कि वो इससे ज़्यादा के हक़दार हैं और इस तरीके से उन्हें लोगों से सम्मान भी मिल पायेगा। अगर WWE ये सब नहीं करना चाहता तो रेंस को हील बना देना एक अच्छा विकल्प होगा क्योंकि फैंस वैसे भी उनके रिंग में आने पर उनके खिलाफ हूटिंग करते रहते हैं और WWE इसका फायदा उठा सकता है। रोमन रेंस फैंस के फेवरेट बनने के लिए और क्या कर सकते हैं? हमें अपने कमैंट्स में ज़रूर बताएं। लेखक: अमित शुक्ला, अनुवादक: उदित अरोड़ा