WWE Announces Roadblock Show Date: अक्टूबर, 2024 में CW में जाने के बाद से WWE NXT में काफी बदलाव आ गए हैं। वीकली शो की मेजबानी अब हर जगह पर हो रही है और सबसे बड़ी बात है कि ब्रांड को काफी फायदा पहुंच रहा है। हाल ही में बताया गया था कि 10 मार्च, 2025 को Raw का होने वाला एपिसोड मैडिसन स्क्वायर गार्डन में होगा। इसी के तहत अब NXT द्वारा भी हुंकार भर दी गई है। 11 मार्च को NXT का Roadblock शो MSG थिएटर में प्रसारित होगा। कंपनी द्वारा ऑफिशियल जानकारी दे दी गई है।
WWE ने कंफर्म किया है कि 11 मार्च को होने वाले NXT का शो साधारण नहीं होगा क्योंकि सालाना Roadblock स्पेशल की वापसी होगी। लगातार चौथा साल है जब इसे टीवी स्पेशल के रूप में प्रसारित किया जाएगा। ये भी बताया गया है कि इसके लिए टिकटों की प्री-सेल 12 फरवरी से होगी। Roadblock साल 2016 में WWE के एक मुख्य प्रीमियम लाइव इवेंट के रूप में शुरू हुआ था। 2022 के बाद से ये NXT का हिस्सा हो गया है।
WWE Roadblock में होंगे बड़े मुकाबले
NXT में इस समय काफी अच्छा काम हो रहा है। WWE दिग्गज शॉन माइकल्स के नेतृत्व में इस ब्रांड को तगड़ी सफलता मिल रही है। यंग स्टार्स ने भी अपने काम से सभी की वाहवाही लूटी है। WWE ने अब NXT को ज्यादा महत्व देना शुरू कर दिया है, जिसका फायदा लगातार मिल रहा है। पिछले कुछ सालों में मेन रोस्टर में डेवलपमेंट ब्रांड के कई स्टार्स ने अपने कार्य से WWE यूनिवर्स का दिल जीत लिया है। ब्रॉन ब्रेकर का नाम अब सभी की जुबान पर रहता है। 2024 में वो मेन रोस्टर में आए थे। मौजूदा समय में उनका दूसरा इंटरकॉन्टिनेंटल चैंपियनशिप रन चल रहा है। उनके अलावा भी कुछ अन्य रेसलर्स काफी प्रभावित कर रहे हैं।
WWE अब NXT Roadblock की तैयारियों में जुट गया हैं। इसे शानदार बनाने की पूरी कोशिश की जाएगी। फैंस का उत्साह भी अब बढ़ जाएगा। बहुत जल्द कुछ बड़े मैचों का ऐलान किया जा सकता है। इस शो में टाइटल मुकाबले भी होंगे, जहां पर बड़े बदलाव देखने को मिल सकते हैं।