Edge Reveals Retirement Plans: WWE दिग्गज ऐज (Edge) को रेसलिंग जगत के सबसे सफल स्टार्स में से एक माना जाता है। वो सालों तक रेसलिंग से दूर रहे थे और 2020 में रिटायरमेंट से बाहर आकर वापसी की। इसके बाद से वो लगातार लड़ रहे हैं। ऐज ने अब अपने रेसलिंग करियर खत्म करने से जुड़े प्लान का खुलासा किया और बताया कि वो कब रिटायर होंगे।
First Up with Korolnek & Colaiacovo शो पर थोड़े समय पहले WWE दिग्गज ऐज उर्फ एडम कोपलैंड नज़र आए थे। इसी बीच उन्होंने अपने इन-रिंग करियर को लेकर बात की। एडम ने बताया कि वो जब 53 साल के होंगे और उनका मौजूदा AEW कॉन्ट्रैक्ट खत्म हो जाएगा, तो वो रिटायर हो जाएंगे। आपको बता दें कि अक्टूबर 2026 में कोपलैंड 53 साल के हो जाएंगे। इसी वजह से देखा जाए, तो फैंस के पास ऐज को रिंग में देखने के लिए बेहद कम समय है।
WWE में ऐज ने अपना आखिरी मैच कब और किसके खिलाफ लड़ा था?
WWE दिग्गज ऐज ने 2020 के Royal Rumble मैच द्वारा रिंग में वापसी की थी। इसके बाद उन्होंने WWE में रोमन रेंस, सैथ रॉलिंस, फिन बैलर समेत कई सारे बड़े स्टार्स से मैच लड़ा। हर कोई उन्हें दोबारा रिंग में देखकर खुश था। 18 अगस्त 2023 को ऐज ने WWE में अपना आखिरी मैच लड़ा। उन्होंने अपने होमटाउन में सबसे अच्छे दोस्तों में से एक शेमस का सामना किया और उन्हें हरा दिया। इसके बाद उनका WWE से कॉन्ट्रैक्ट खत्म हो गया।
ऐज ने AEW में डेब्यू किया और वो एडम कोपलैंड नाम से दिखाई देने लगे। इसके बाद से ही ऐज ने AEW में काफी अच्छा काम किया लेकिन वो बीच में कई बार चोटिल रहे हैं। अभी भी वो चोट के कारण बाहर हैं। वो अभी 51 साल के हैं और अक्टूबर 2026 तक 53 के हो जाएंगे। देखना होगा कि वो इसके बाद पूरी तरह से रिटायर होते हैं, या फिर अपने करियर को आगे बढ़ाने का फैसला लेते हैं। कई बार देखा गया है कि रेसलर्स अपने रिटायरमेंट प्लान को पुश करते हैं। कुछ ऐसा ही ऐज भी कर सकते हैं।