WWE SmackDown, अच्छी और बुरी बातें: फेमस सुपरस्टार ने जीता बड़ा मैच, रोमन रेंस को लेकर हुई बड़ी गलती

WWE SmackDown का एपिसोड रोचक रहा
WWE SmackDown का एपिसोड रोचक रहा

WWE स्मैकडाउन (SmackDown) का एपिसोड काफी ज्यादा बढ़िया साबित हुआ। इस एपिसोड में कुछ अच्छे मैच देखने को मिले वहीं WWE ने कम सैगमेंट्स बुक किए। WWE ने SmackDown में एक चैंपियनशिप मैच बुक किया था और एक गोंटलेट मैच भी देखने को मिला था। मेन इवेंट में क्रिसमस स्पेशल स्ट्रीट फाइट मैच का आयोजन भी हुआ था। WWE ने कम चीज़ों के साथ सैगमेंट को अच्छा बनाने की पूरी कोशिश की।

हर एक एपिसोड की कुछ अच्छी और बुरी बातें होती हैं। उसी तरह SmackDown के एपिसोड में कुछ जगहों पर WWE ने अपने फैंस को खुश किया वहीं चुनिंदा मौकों पर प्रशंसकों को निशाना का सामना भी करना पड़ा। इसलिए इस आर्टिकल में हम SmackDown के एपिसोड की कुछ अच्छी और बुरी बातों के बारे में बात करने वाले हैं।

1- WWE SmackDown की अच्छी बात: सैमी जेन को बड़ी जीत मिलना

सैमी जेन काफी महीनों से अपने प्रदर्शन द्वारा प्रभावित कर रहे हैं। SmackDown के एपिसोड में भी उन्होंने कुछ ऐसा ही किया। वो 12 Days Of Christmas गोंटलेट मैच का हिस्सा थे और उन्होंने यहां काफी अच्छा काम किया। यह मैच रेसलिंग के हिसाब से जबरदस्त था और इसी कारण प्रशंसकों को मुकाबला पसंद आया। अंत में रिकोशे और सैमी जेन बचे थे।

रिकोशे ने उन्हें कड़ी टक्कर दी लेकिन अंत में सैमी जेन का पलड़ा भारी रहा। उन्होंने रिकोशे को बाहर करते हुए एक बड़ी जीत दर्ज की। अब उन्हें शिंस्के नाकामुरा के खिलाफ इंटरकॉन्टिनेंटल चैंपियनशिप के लिए मैच मिलने वाला है। सैमी जेन लगातार अपने कैरेक्टर और प्रोमो स्किल्स से प्रभावित कर रहे थे। उन्होंने रोमन रेंस और ब्रॉक लैसनर की दुश्मनी में भी एक अहम किरदार निभाया था।

इसी वजह से WWE ने उन्हें मिड-कार्ड टाइटल की स्टोरीलाइन में डाला। काफी ज्यादा चांस रहेंगे कि सैमी जेन जल्द ही नाकामुरा को हराकर आईसी चैंपियनशिप पर कब्जा करेंगे। हर एक फैन यह चीज़ देखना पसंद करेगा। सैमी जेन को मिड-कार्ड टाइटल की स्टोरीलाइन में रहने से भविष्य में जरूर फायदा होगा।

1- बुरी बात: रोमन रेंस का SmackDown में नजर नहीं आना

रोमन रेंस इस समय एक अहम स्टोरीलाइन का हिस्सा हैं। वो ब्रॉक लैसनर के साथ दुश्मनी में नजर आ रहे हैं और फैंस को इसमें काफी रुचि है। इसी वजह से हर कोई चाहता था कि क्रिसमस के इस खास एपिसोड में रेंस नजर आएंगे और वो अपनी स्टोरीलाइन को आगे बढ़ाएंगे। हालांकि, SmackDown में वो दिखाई नहीं दिए।

SmackDown की शुरुआत में पॉल हेमन का एक सैगमेंट देखने को मिला था। इसी वजह से लग रहा था कि SmackDown में स्टोरीलाइन को आगे बढ़ाया जाएगा। हालांकि, ऐसा कुछ भी देखने को नहीं मिला। पूरे एपिसोड में यूनिवर्सल चैंपियन रोमन रेंस दिखाई नहीं दिए और इसी वजह से कुछ फैंस निराश थे।

2- अच्छी बात: रिकोशे का शानदार प्रदर्शन

सैमी जेन ने 12 Days Of Christmas गोंटलेट मैच जरूर जीता। हालांकि, इस मुकाबले में रिकोशे ने मुख्य रूप से अपने प्रदर्शन द्वारा प्रभावित किया। उन्होंने मैच में काफी अच्छा काम किया और कई सुपरस्टार्स को एलिमिनेट किया। कुछ मौकों पर लगा कि वो जीत दर्ज कर लेंगे लेकिन ऐसा नहीं हो पाया।

उन्होंने मैच में शेमस को कड़ी टक्कर दी और उन्हें एलिमिनेट किया। इसके बाद रिकोशे ने हम्बर्टो और जिंदर महल को भी मैच के बाहर का रास्ता दिखाया। अंत में सैमी जेन और रिकोशे बचे हुए थे। रिकोशे थोड़े थके हुए जरूर थे लेकिन उन्होंने हार नहीं मानी। उन्होंने सैमी को कड़ी टक्कर दी और अपनी शानदार रेसलिंग स्किल्स दिखाई।

2- बुरी बात: SmackDown के विमेंस रोस्टर को अनदेखा करना

WWE ने पिछले कुछ सालों में विमेंस स्टार्स की बुकिंग में सुधार किया है। हालांकि, SmackDown में काफी समय से विमेंस रेसलर्स को अनदेखा किया जा रहा है। SmackDown के इस एपिसोड में भी कुछ ऐसा ही हुआ। शार्लेट फ्लेयर और टोनी स्टॉर्म के अलावा बाकी विमेंस रेसलर्स का सही तरह से उपयोग नहीं हुआ।

SmackDown विमेंस चैंपियनशिप मैच को भी ज्यादा समय नहीं दिया गया और इसका अंत भी थोड़ा निराशाजनक रहा। मैच का अंत रोल-अप की मदद से हुआ और इस चीज़ से प्रशंसक मुख्य रूप से निराश दिखाई दिए थे। WWE को अपनी विमेंस सुपरस्टार्स को ज्यादा टीवी टाइम देना चाहिए।

Quick Links

App download animated image Get the free App now