Logan Paul Praises Roman Reigns: रोमन रेंस (Roman Reigns) WWE इतिहास के सबसे लोकप्रिय स्टार्स में से एक हैं। उन्होंने द शील्ड (The Shield) के सदस्य के रूप में करियर की शुरुआत की थी और पिछले एक दशक में खुद को सिंगल्स स्टार के रूप में स्थापित किया है। हील होने के बावजूद वो कई फैंस के फेवरेट रहे हैं। अब उनके पूर्व विरोधी लोगन पॉल ने अपना कैरेक्टर ब्रेक करते हुए रोमन रेंस की तारीफ की है।
IMPAULSIVE पॉडकास्ट पर हाल ही में लोगन पॉल ने रोमन रेंस को लेकर बहुत बड़ा बयान दिया। उन्होंने बताया कि अब तक उनके पॉडकास्ट पर जितने भी लोग आए हैं, उनमें से रोमन रेंस का औरा सबसे ज्यादा रहा है। उन्होंने कहा कि रोमन पर सभी का ध्यान होता है और जब वो WWE के किसी इवेंट के दौरान एंट्री करते हैं, तो वातावरण बदल जाता है। उन्होंने कहा,
"आपको यह जानना है कि शो पर सबसे ज्यादा औरा किसका रहा है? मुझे लगता है कि वो रोमन रेंस थे। वो एक ऐसे व्यक्ति हैं, जो अगर किसी जगह जाते हैं, तो सभी यही पूछते हैं कि वो कौन हैं? आप उन्हें WWE इवेंट के दौरान बाहर आते हुए देख सकते हैं। मैं कसम खाकर बोलता हूं कि वातावरण बदल जाता है। पूरा स्टेडियम सिर्फ उस व्यक्ति (रोमन रेंस) को देखता है।"
आप नीचे लोगन पॉल की वीडियो देख सकते हैं:
WWE WrestleMania 41 के बाद Raw में आखिरी बार दिखाई दिए थे रोमन रेंस
रोमन रेंस को WrestleMania 41 में बहुत बड़ा झटका लगा। पॉल हेमन ने उन्हें धोखा दे दिया और सैथ रॉलिंस के साथ जुड़ गए। वाइजमैन ने इसी बीच सैथ को ट्रिपल थ्रेट मैच में जीत दिला दी। WrestleMania के बाद Raw के एपिसोड में रोमन रेंस दिखाई दिए थे। उन्होंने आकर पॉल हेमन और सैथ रॉलिंस पर हमला किया। इसी बीच ब्रॉन ब्रेकर ने आकर रेंस का हाल बेहाल कर दिया। ब्रॉन इसी के साथ सैथ के नए फैक्शन में जुड़ गए थे। रोमन खुद पर हुए इस हमले के बाद से ब्रेक पर है। देखना होगा कि उनकी कब रिंग में वापसी देखने को मिलती है।