666 दिन बाद WWE में 36 साल के रेसलर के ऐतिहासिक टाइटल रन का हुआ अंत, WrestleMania 40 में पूर्व चैंपियन ने रचा इतिहास

WWE WrestleMania 40 में दिखा सैमी ज़ेन का जलवा
WWE WrestleMania 40 में दिखा सैमी ज़ेन का जलवा

Gunther vs Sami Zayn: WWE WrestleMania 40 में गुंथर (Gunther) और सैमी ज़ेन (Sami Zayn) के बीच इंटरकॉन्टिनेंटल चैंपियनशिप के लिए धमाकेदार मुकाबला देखने को मिला। सैमी ज़ेन ने अपने फैंस को खुश करते हुए गुंथर को हरा दिया। अब वो कंपनी के नए इंटरकॉन्टिनेंटल चैंपियन बन चुके हैं।

दोनों ने मैच की शुरूआत में एक-दूसरे पर खूब हमला किया। फैंस ने सैमी को चीयर किया। 36 साल के गुंथर ने बहुत जल्द ज़ेन को चॉप से धराशाई करना शुरू कर दिया था। उन्होंने लगातार अपरकट भी सैमी को लगाए। एरीना में ज़ेन की पत्नी भी उनका उत्साह बढ़ा रहीं थी। सैमी ने इसके बाद एक खतरनाक क्लोथ्सलाइन गुंथर को दिया। हालांकि, एक बार फिर चॉप के जरिए गुंथर ने वापसी की।

सैमी धीरे-धीरे अपने आपको इस मैच में वापस लाए और उन्होंने गुंथर को कुछ तगड़े मूव्स लगाकर परेशान किया। ज़ेन ने इसके बाद गुंथर को हैलुवा किक मारने की कोशिश की लेकिन नाकाम रहे। गुंथर ने भी उन्हें जबरदस्त किक मारकर कवर किया लेकिन उन्होंने किकआउट कर दिया।

गुंथर को इसके बाद सैमी ने हैलुवा किक मारकर कवर किया लेकिन उन्होंने किकआउट कर लिया। इस दौरान किसी को भरोसा नहीं हुआ कि द रिंग जनरल ने किकआउट कर लिया। इसके बाद रिंग में और बवाल देखने को मिला। गुंथर ने सैमी के ऊपर जीत के लिए अपनी हदें पार की। ज़ेन ने बिल्कुल भी हार नहीं मानी। गुंथर इस दौरान ज़ेन की पत्नी पर भी तंज कस रहे थे।

गुंथर लगातार सैमी के ऊपर अटैक कर रहे थे। उनकी पत्नी उनका हौंसला बढ़ा रहीं थी। अचानक सैमी की नई ऊर्जा रिंग में देखने को मिली। उन्होंने गुंथर को हैलुवा किक लगाई और फिर ब्रेनबस्टर मूव दे दिया। इसके बाद फिर से उन्होंने गुंथर को दो बार हैलुवा किक लगाई और फिर पिन करते हुए आईसी चैंपियनशिप अपने नाम कर ली।

WWE सुपरस्टार सैमी ज़ेन जीत के बाद हुए इमोशनल

सैमी ज़ेन ने अपने करियर में चौथी बार इंटरकॉन्टिनेंटल चैंपियनशिप जीती। 666 दिन बाद गुंथर की बादशाहत अब WWE में खत्म हो गई। WWE इतिहास में सबसे लंबे समय तक इंटरकॉन्टिनेंटल चैंपियन वो रहे थे। मुकाबला जीतने के बाद सैमी बहुत ही भावुक नज़र आए। तुरंत जाकर उन्होंने अपनी पत्नी को गले लगाया। मैच से पहले चैड गेबल ने भी सैमी का उत्साह बढ़ाया था। गुंथर को हराने के लिए उन्हें गेबल ने ही ट्रेनिंग दी थी। उनके अलावा केविन ओवेंस ने भी उन्हें गले लगाकर जीत हासिल करने के लिए कहा था।

Quick Links