IPL 2021 - "मुंबई की टीम रोहित शर्मा पर कुछ ज्यादा ही निर्भर है"

दूसरे चरण में रोहित शर्मा बड़ी पारी नहीं खेल पाए हैं
दूसरे चरण में रोहित शर्मा बड़ी पारी नहीं खेल पाए हैं

आईपीएल (IPL) 2021 में मुंबई इंडियंस (MI) की टीम काफी जूझती हुयी दिख रही है और इसका सबसे बड़ा कारण उनकी बल्लेबाजी का खराब प्रदर्शन है। बल्लेबाजी में खराब प्रदर्शन को लेकर कई पूर्व खिलाड़ियों ने अपनी-अपनी राय दी है। मुंबई के खराब बल्लेबाजी प्रदर्शन को लेकर विराट कोहली के कोच राजकुमार शर्मा की भी प्रतिक्रिया आई है। राजकुमार शर्मा के मुताबिक मुंबई इंडियंस की टीम रोहित शर्मा (Rohit Sharma) की बल्लेबाजी पर ज्यादा निर्भर है और इसी वजह से टीम संघर्ष कर रही है। मुंबई इंडियंस का अभी तक दूसरे चरण में जीत का खाता नहीं खुला है।

आईपीएल 2021 में रोहित शर्मा स्वाभाविक खेल खेलते हुए नहीं दिखे हैं और अन्य बल्लेबाजों के खराब प्रदर्शन के कारण वह जिम्मेदारी लेते हुए थोड़ा धीमे बल्लेबाजी कर रहे हैं। इसके अलावा उन्होंने कई बार तेजी से शुरुआत की लेकिन इसके बाद उनकी बल्लेबाजी में धीमापन आ गया।

यूट्यूब चैनल खेलनीति पर रोहित शर्मा को लेकर राजकुमार शर्मा ने कहा,

मुंबई इंडियंस रोहित शर्मा पर अधिक निर्भर है। वह काफी तनाव ले रहे हैं और बड़े शॉट नहीं खेल पा रहे हैं। वह जानते हैं कि मध्यक्रम और निचला क्रम लय में नहीं है और इसी वजह से उनके स्ट्राइक रेट में भी गिरावट आई है। इसलिए कप्तान को आवश्यकता से अधिक जिम्मेदारी लेने के लिए बनाया जाता है। वह इस तरह से खेल रहे हैं जहां उन्हें पता है कि अगर वह आउट हुए तो टीम की बल्लेबाजी बिखर जायेगी।

मुंबई इंडियंस के लिए प्लेऑफ की राह हुयी मुश्किल

आईपीएल 2021 के पहले चरण में मुंबई इंडियंस ने अपने सात में से चार मैच जीते थे और टीम 8 अंक लेकर अच्छी स्थिति में थी। ऐसे में उम्मीद थी की दूसरे चरण में मुंबई को प्लेऑफ के लिए बहुत ज्यादा मशक्कत नहीं करनी होगी लेकिन इस चरण में मुंबई अपने शुरूआती तीनों मैच हार चुकी है और अन्य टीमें भी समान अंक हासिल कर चुकी हैं।

मौजूदा स्थिति में मुंबई इंडियंस के अलावा केकेआर, पंजाब किंग्स तथा राजस्थान रॉयल्स के भी 8-8 अंक है और प्लेऑफ के लिए मुंबई को इन टीमों से बेहतर खेल दिखाना होगा।

Quick Links

App download animated image Get the free App now