रोहित शर्मा को दोबारा बनाया जा सकता है मुंबई इंडियंस का कप्तान, टीम की लगातार हार के बाद आया चौंकाने वाला बयान

रोहित शर्मा को लेकर आया बड़ा बयान (Photo Credit - IPLT20)
रोहित शर्मा को लेकर आया बड़ा बयान (Photo Credit - IPLT20)

रोहित शर्मा (Rohit Sharma) को मुंबई इंडियंस (Mumbai Indians) का कप्तान एक बार फिर से बनाया जा सकता है, ये कहना है पूर्व क्रिकेटर मनोज तिवारी का। मुंबई इंडियंस को राजस्थान रॉयल्स के खिलाफ मैच में मिली हार के बाद उन्होंने ये बयान दिया। मनोज तिवारी ने कहा कि जिस तरह से मुंबई इंडियंस की शुरुआत हुई है और उन्हें लगातार तीन मैचों में हार का सामना करना पड़ा है, उसे देखते हुए रोहित शर्मा को वापस कप्तानी सौंपी जा सकती है।

आईपीएल 2024 के 14वें मुकाबले में राजस्थान रॉयल्स ने मुंबई इंडियंस को एकतरफा 6 विकेट से हरा दिया। पहले बल्लेबाजी करते हुए मुंबई इंडियंस की टीम निर्धारित 20 ओवरों में 9 विकेट के नुकसान पर सिर्फ 125 रन ही बना पाई। जवाब में राजस्थान रॉयल्स ने इस टार्गेट को 15.3 ओवर में 4 विकेट खोकर हासिल कर लिया। राजस्थान रॉयल्स ने लगातार तीसरी जीत हासिल की और मुंबई इंडियंस को लगातार तीसरी हार का सामना करना पड़ा।

हार्दिक पांड्या की कप्तानी उतनी अच्छी नहीं रही है - मनोज तिवारी

इस मैच के बाद क्रिकबज्ज पर बातचीत करते हुए मनोज तिवारी ने रोहित शर्मा को दोबारा कप्तान बनाए जाने की बात कही। उन्होंने कहा,

मुंबई इंडियंस की कप्तानी वापस रोहित शर्मा को सौंपी जा सकती है। मुझे जहां तक लगता है कि मुंबई इंडियंस के मालिक कोई भी बड़ा फैसला लेने में हिचकिचाते नहीं हैं। रोहित शर्मा ने पांच बार आईपीएल का टाइटल जिताया था लेकिन इसके बावजूद उनसे कप्तानी लेकर हार्दिक पांड्या को सौंप दी गई थी। कप्तानी में बदलाव करना बहुत बड़ा फैसला है। अभी तक इस सीजन मुंबई को एक भी प्वॉइंट नहीं मिला है। ऐसा नहीं है कि कप्तानी बहुत अच्छी रही है लेकिन खराब किस्मत की वजह से मुंबई इंडियंस हार गई है। हार्दिक पांड्या की कप्तानी उतनी अच्छी नहीं रही है।

आपको बता दें कि आईपीएल 2024 के आगाज से ही हार्दिक पांड्या के ऊपर लगातार सवाल उठाए जा रहे हैं और टीम भी तीन मैच हार चुकी है।

Quick Links

App download animated image Get the free App now