लियोनेल मेसी ने जिस गोलकीपर के खिलाफ गोल दागा, उसे बडवाइजर भेजी गई

लियोनेल मेसी और जियानलुईगी बफन
लियोनेल मेसी और जियानलुईगी बफन

बडवाइजर ने हर उस गोलकीपर को बीयर भेजी, जिसके खिलाफ लियोनेल मेसी ने गोल दागा है। अर्जेंटीना के सुपरस्‍टार लियोनेल मेसी ने बार्सिलोना के लिए इस सप्‍ताह अपना 644वां गोल दागा और एक क्‍लब के लिए सबसे ज्‍यादा गोल करने के पेले के रिकॉर्ड को तोड़ दिया।

लियोनेल मेसी ने शनिवार को वालाडोलिड के खिलाफ बार्सिलोना की 3-0 से जीत में पेले के सर्वकालिक सर्वाधिक गोल करने के रिकॉर्ड की बराबरी की थी। लियोनेल मेसी ने 2004 में बार्सिलोना के लिए डेब्‍यू किया था और 643वें गोल की बराबरी की। पेले ने 1957-74 के दौरान सांतोस के लिए खेलते हुए रिकॉर्ड 643 गोल दागे थे।

33 साल के लियोनेल मेसी ने जितने गोलकीपर के खिलाफ गोल दागे, उनको बीयर कंपनी ने एक विशेष बीयर की बोतल भेजी। इस बोतल पर एक विशेष लेबल लगा था। बडवाइजर की तरफ से बयान जारी किया गया, '644 गोल, 644 निजी बीयर, 160 गोलकीपर्स।'

रीयल मैड्रिड के महान गोलकीपर इकर कासिलास को 17 बोतल मिलना है जबकि जियानलुईगी बफन नंबर 514 और 515 के साथ नजर आए। लियोनेल मेसी ने 2017 में चैंपियंस लीग में उनके खिलाफ दो गोल दागे थे। बफन ने ट्विटर पर शुक्रियाअदा करते हुए ट्वीट किया, 'बीयर के लिए धन्‍यवाद। मैं इसे तारीफ के रूप में लूंगा। हमारे बीच इतने सालों में शानदार मुकाबले हुए हैं। लियोनेल मेसी 644 रिकॉर्ड गोल करने के लिए शुभकामनाएं। यह वाकई अविश्‍वसनीय उपलब्धि है।'

एटलेटिको मैड्रिड के गोलकीपर जान ओब्‍लाक को भी बडवाइजर से एक क्रैट की उम्‍मीद है क्‍योंकि लियोनेल मेसी ने अपने करियर के दौरान स्‍लोवेनियाई गोलकीपर के खिलाफ 11 गोल दागे हैं।

लियोनेल मेसी ने तोड़ा पेले का रिकॉर्ड

लियोनेल मेसी ने बार्सिलोना के लिए अपना 644वां गोल दागा और महान पेले का सर्वकालिक रिकॉर्ड तोड़ दिया। एक क्‍लब के लिए सबसे ज्‍यादा गोल करने का रिकॉर्ड पेले के नाम दर्ज था, जो अब लियोनेल मेसी के नाम दर्ज हो गया है। लियोनेल मेसी के दमदार प्रदर्शन की बदौलत बार्सिलोना ने ला लीगा के मुकाबले में रीयल वालाडोलिड को एकतरफा मुकाबले में 3-0 से रौंद दिया।

ध्‍यान हो कि जब लियोनेल मेसी ने पेले के रिकॉर्ड की बराबरी की। पेले ने सांतोस के लिए 643 गोल दागे थे। पेले ने सांतोस के लिए 665 प्रतिस्‍पर्धी मैचों में 643 गोल दागे थे जबकि लियोनेल मेसी को इस गोल की संख्‍या तक पहुंचने के लिए 748 मैचों की जरूरत पड़ी। हालांकि, लियोनेल मेसी ने यह उपलब्धि सिर्फ 17 सीजन में हासिल की जबकि पेले को यह मुकाम बनाने में 19 सीजन लग गए थे।

Quick Links

App download animated image Get the free App now