PKL 2022 में गत विजेता की एकतरफा जीत और हुआ जबरदस्त फायदा, दो टीमें प्ले-ऑफ की दौड़ से हुई बाहर

PKL 2022
PKL 2022 में रेड करते हुए नवीन कुमार (Photo: Pro Kabaddi League)

PKL 2022 के 122वें मुकाबले में गत विजेता दबंग दिल्ली केसी ने यू मुंबा को 41-24 से हराते हुए जबरदस्त जीत दर्ज की। यह दिल्ली की 21 मैचों के बाद 10वीं जीत है और वो पॉइंट्स टेबल में 60 अंकों के साथ छठे स्थान पर हैं। यू मुंबा और पटना पाइरेट्स इसी के साथ प्ले-ऑफ की दौड़ से बाहर हो गए हैं।

PKL 2022 में दबंग दिल्ली केसी की जबरदस्त जीत

पहले हाफ के बाद दबंग दिल्ली केसी ने यू मुंबा के खिलाफ 22-14 की बढ़त बनाई। दबंग दिल्ली ने मैच की शुरुआत धमाकेदार अंदाज में की और पहले 5 मिनट में ही यू मुंबा को पहली बार ऑल-आउट कर दिया। गत विजेता के डिफेंडर्स और रेडर्स की तरफ से जबरदस्त प्रदर्शन देखने को मिला। दिल्ली ने अपनी पकड़ को मजबूत रखा और इस बीच वो दोबारा मुंबई को ऑल-आउट करने के करीब आ गए थे। मुंबई की तरफ से पहले मोहित और फिर रिंकू एचसी ने नवीन कुमार को सुपर टैकल करते हुए अपनी टीम के ऊपर से कुछ देर के लिए लोना का खतरा टाला। मुंबई के रेडर्स ने डिफेंडर्स की मेहनत पर पानी फेरा, लेकिन फिर भी मुंबा के डिफेंडर्स ने दो बार और नवीन को सुपर टैकल करते हुए खुद को ऑल-आउट होने से बचाया। इसके बावजूद वो 8 पॉइंट से 20 मिनट के बाद पिछड़ रहे थे।

दूसरे हाफ की शुरुआत में दोनों टीमों ने पॉइंट्स की रफ्तार को धीमा कर दिया। दबंग दिल्ली केसी और यू मुंबा ने डू और डाई रेड पर खेलना सुरक्षित समझा। इस बीच 30वें मिनट में यू मुंबा और दिल्ली के एक-एक डिफेंडर सेल्फ-आउट हुए। 30 मिनट के बाद स्कोर दिल्ली के पक्ष में 26-18 से था। हालांकि रेडर्स बिल्कुल भी नहीं चल रहे थे, जोकि काफी चिंता का विषय था। स्ट्रेजिक टाइम आउट के बाद यू मुंबा ने थोड़ी तेजी दिखाई और रेड में पॉइंट्स लाने शुरू किए। इस बीच वो दिल्ली को ऑल-आउट के करीब लेकर आए। दिल्ली के जब सिर्फ दो खिलाड़ी रह गए थे तभी संदीप ढुल ने बेहतरीन सुपर टैकल करते हुए अपनी टीम के ऊपर से कुछ देर के लिए लोना के खतरे को टाला।

इसके बाद अमित हूडा ने जय भगवान को सुपर टैकल किया और फिर विजय मलिक ने गुमान सिंह को टैकल करते हुए पूरी तरह से दबाव यू मुंबा के ऊपर डाल दिया। दिल्ली ने यहां से मोमेंटम को बरकरार रखा और मैच के 39वें मिनट में दूसरी बार यू मुंबा को ऑल-आउट भी किया। अंत में दबंग दिल्ली केसी ने जबरदस्त जीत दर्ज करते हुए खुद को प्ले-ऑफ के काफी करीब पहुंचा दिया है।

Quick Links

App download animated image Get the free App now