WWE SmackDown, 29 मार्च 2024: 2 अच्छी चीज़ें जो स्मैकडाउन में देखने को मिली और 2 जो बहुत बुरी रही

Ujjaval
WWE SmackDown का एपिसोड खास रहा
WWE SmackDown का एपिसोड खास रहा

WWE SmackDown: WWE स्मैकडाउन (SmackDown) का एपिसोड काफी बढ़िया साबित हुआ। इस शो द्वारा रेसलमेनिया (WrestleMania XL) प्रीमियम लाइव इवेंट के लिए स्टोरीलाइन आगे बढ़ाई गई। WWE ने साल के सबसे बड़े इवेंट में होने वाले अपने मैचों को हाइप किया।

WWE SmackDown में कई जबरदस्त चीज़ें देखने को मिली, जो फैंस को काफी ज्यादा पसंद आई। इसी बीच कुछ मौकों पर सभी को थोड़ी निराशा का भी सामना करना पड़ा। इस आर्टिकल में हम WWE SmackDown के एपिसोड की 2 अच्छी और 2 बुरी बातों को लेकर चर्चा करने वाले हैं।

1- WWE SmackDown की अच्छी बात: मेन इवेंट मैच और सैगमेंट

WWE SmackDown का मेन इवेंट मैच काफी बढ़िया रहा और उसके बाद भी जमकर बवाल मचा। बियांका ब्लेयर और डकोटा काई के बीच मैच बुक किया गया। यह मुकाबला रेसलिंग के हिसाब से काफी अच्छा रहा और इसे फैंस ने काफी पसंद किया।

बियांका ब्लेयर ने अंत में जीत दर्ज की। इसके बाद डैमेज कट्रोल ने ब्लेयर पर हमला किया और नेओमी की भी उन्होंने हालत खराब की। जेड कार्गिल ने एंट्री करके चौंकाया और बेबीफेस रेसलर्स को बचाया। यह सैगमेंट फैंस को काफी पसंद आया। सभी इसकी जमकर तारीफ कर रहे हैं।

1- बुरी बात: रोमन रेंस और WWE दिग्गज द रॉक का नज़र नहीं आना

WWE SmackDown के एपिसोड में द रॉक और रोमन रेंस दोनों ही नज़र नहीं आए। यह चीज़ काफी ज्यादा निराशाजनक रही। ब्लडलाइन का बैकस्टेज सैगमेंट देखने को मिला था, जहां पॉल हेमन, जिमी उसो और सोलो सिकोआ मौजूद थे। तीनों ने अपनी-अपनी बात रखी लेकिन रॉक और रोमन का नहीं आना खराब चीज़ रही।

वो WrestleMania XL के मेन इवेंट का हिस्सा बनने वाले हैं। जब साल का सबसे बड़ा इवेंट करीब है, तो उनका शो को मिस करना खराब चीज़ है। दोनों में से कोई एक भी SmackDown में नज़र आता, तो फैंस बहुत खुश होते। बड़ी बात यह रही कि कोडी रोड्स और सैथ रॉलिंस भी शो का हिस्सा नहीं बने।

2- अच्छी बात: WWE दिग्गज एजे स्टाइल्स और एलए नाइट का सैगमेंट

WWE SmackDown के एपिसोड में एजे स्टाइल्स का सैगमेंट देखने को मिला। उन्होंने पहले बोल दिया था कि वो एलए नाइट को शो में देखना नहीं चाहते हैं लेकिन बाद में उन्होंने मेगास्टार को बुलाया। नाइट नहीं आए और एजे को लगा कि वो किसी अलग रूप में आएंगे।

एजे स्टाइल्स रिंगसाइड पर प्रोमो कट कर रहे थे। इसी बीच एलए नाइट सिक्योरिटी बनकर आए और स्टाइल्स पर हमला कर दिया। बाद में फिनॉमिनल वन फैंस के बीच से भाग गए। यह सैगमेंट काफी जबरदस्त रहा और इसने उनकी स्टोरीलाइन को ज्यादा रोचक बना दिया है।

2- बुरी बात: WWE सुपरस्टार केविन ओवेंस का पिन होना

WWE SmackDown में केविन ओवेंस और रैंडी ऑर्टन का प्रिटी डेडली के खिलाफ टैग टीम मैच देखने को मिला। यह मुकाबला काफी जबरदस्त रहा लेकिन अंत ने फैंस को निराश किया। लोगन पॉल ने दखल देकर केविन ओवेंस पर हमला किया। इसी चीज़ का फायदा प्रिटी डेडली ने उठाया।

उन्होंने केविन ओवेंस को पिन करते हुए एक बड़ी जीत अपने नाम की। केविन WrestleMania में यूनाइटेड स्टेट्स चैंपियनशिप के लिए होने वाले ट्रिपल थ्रेट मैच का हिस्सा हैं। ऐसे में उनका अचानक SmackDown में पिन होना एक खराब चीज़ है। इससे केविन काफी कमजोर नज़र आए।

Quick Links

App download animated image Get the free App now