WWE SummerSlam 2023: 2 कारणों से ट्राइबल कॉम्बैट मैच में Roman Reigns की जीत होनी चाहिए और 2 क्यों Jey Uso को अनडिस्प्यूटेड चैंपियन बनना चाहिए

roman reigns vs jey uso wwe summerslam 2023
SummerSlam 2023 में किसकी जीत होनी चाहिए?

Roman Reigns: SummerSlam 2023 कई कारणों से एक खास इवेंट बनने जा रहा है। इन्हीं में से एक कारण ये भी है कि रोमन रेंस (Roman Reigns) vs जे उसो (Jey Uso) ट्राइबल कॉम्बैट मैच में 2 भाई आमने-सामने आ रहे होंगे, जहां केवल अनडिस्प्यूटेड WWE यूनिवर्सल चैंपियनशिप ही नहीं बल्कि ट्राइबल चीफ का पद भी दांव पर लगा होगा।

रोमन ने पिछले 3 सालों से भी ज्यादा समय तक कंपनी के मेंस रोस्टर को डॉमिनेट किया है, वहीं जे उसो को इस समय बहुत शानदार लय प्राप्त है। इसलिए इस मैच की भविष्यवाणी करना बहुत कठिन काम प्रतीत होता है। इस आर्टिकल में आइए जानते हैं 2 ऐसे कारणों के बारे में, जिनसे SummerSlam में Roman Reigns की जीत होनी चाहिए और 2 जिनसे जे उसो को जीतना चाहिए।

#)WWE SummerSlam में Roman Reigns को जीतना चाहिए - The Bloodline में अभी बहुत कुछ होना बाकी है

द ब्लडलाइन में एक समय पर सैमी ज़ेन और द उसोज़ भी शामिल हुआ करते थे, लेकिन ये तीनों सुपरस्टार्स अब Roman Reigns का साथ छोड़ चुके हैं। मगर सोलो सिकोआ और पॉल हेमन अब भी उन्हीं के साथ हैं, लेकिन इस बीच रिपोर्ट्स सामने आती रही हैं कि WWE भविष्य में सिकोआ को रोमन का चैलेंजर बना सकती है।

इस तरह के कई संकेत मिले हैं कि सिकोआ भी जल्द खुद को रोमन रेंस से अलग कर सकते हैं। दूसरी ओर ट्राइबल चीफ के वाइज़मैन, पॉल हेमन के इतिहास को उठाकर देखा जाए तो उन्होंने अपने लगभग हर एक साथी को धोखा दिया है।

इसके अलावा फैंस काफी समय से इंतज़ार कर रहे हैं कि अनोआ'ई फैमिली से किसी दिग्गज रेसलर को इस स्टोरीलाइन में शामिल किया जाए। ये सब चीज़ें बताती हैं कि द ब्लडलाइन में अभी काफी कुछ हो सकता है, इसलिए उस समय तक रोमन का चैंपियन बने रहना ही ठीक होगा।

#)इस कहानी की शुरुआत जे उसो के साथ हुई और अंत भी उन्हीं के साथ होना चाहिए - जे उसो की जीत

आपको याद दिला दें कि जब Roman Reigns ने साल 2020 में वापसी के बाद हील टर्न लिया था, तब उन्होंने अपना सबसे पहला टारगेट जे उसो को बनाया था। उस साल Clash of Champions और Hell in a Cell में रोमन ने जे का बुरा हाल करते हुए जीत दर्ज की थी।

इस लंबे सफर में ट्राइबल चीफ पद पर रहकर रोमन ने कई बार अपने भाइयों के प्रति खराब बर्ताव किया है। इसी का नतीजा है कि SummerSlam 2023 में जे उसो एक बार फिर रोमन के खिलाफ रिंग में खड़े होंगे। ऐसा कहना गलत नहीं होगा कि अब वो समय आ गया है जब जे उसो 3 साल पहले हुई उस घटना का बदला पूरा करें जब रोमन ने चोटिल जिमी उसो पर हमला कर जे को हार मानने पर मजबूर किया था।

#)एकसाथ रोमन रेंस का सबकुछ हार जाना सही नहीं - रोमन रेंस की जीत

WWE ने Roman Reigns में काफी समय इन्वेस्ट करते हुए उन्हें कंपनी का सबसे बड़ा सुपरस्टार बनाया है। वो अब ऐसे मुकाम पर पहुंच चुके हैं, जहां उनका एक छोटा सा अपीयरेंस भी कंपनी के लिए मुनाफे का सौदा साबित हो सकता है। वो 1000 दिनों से भी ज्यादा समय से यूनिवर्सल चैंपियन बने रहे हैं और ट्राइबल चीफ के रूप में शानदार लिगेसी कायम की है।

SummerSlam 2023 के ट्राइबल कॉम्बैट मैच में जे उसो की जीत की संभावना तब बढ़ जाती जब इसमें कोई एक चीज़ दांव पर लगी होती। मगर एक हार के साथ रोमन रेंस ना केवल अनडिस्प्यूटेड WWE यूनिवर्सल चैंपियनशिप बल्कि ट्राइबल चीफ का पद भी खो देंगे। करीब 3 सालों से रोस्टर को डॉमिनेट करने वाले रेसलर का एकदम से सबकुछ हार जाना सही नहीं होगा और साथ ही इससे भविष्य में कंपनी को बड़ा नुकसान भी झेलना पड़ सकता है।

#)रोमन रेंस लगभग सबकुछ हासिल कर चुके हैं - जे उसो की जीत

एक तरफ Roman Reigns का यूनिवर्सल टाइटल रन जल्द ही 1100 दिनों के आंकड़े को पार कर जाएगा, वहीं WWE चैंपियनशिप बेल्ट भी पिछले 480 दिनों से ज्यादा समय से उनके पास है। अपने ऐतिहासिक टाइटल रन के दौरान शायद ही ऐसा कोई एक्टिव रेसलिंग लिजेंड होगा, जिसे रोमन ने हराया ना हो।

उन्होंने इस शानदार सफर के दौरान चैंपियन के रूप में लगभग हर एक बड़े इवेंट को हेडलाइन किया है। ऐज, गोल्डबर्ग और जॉन सीना समेत कई दिग्गजों पर जीत के अलावा भी रोमन कई उपलब्धियां हासिल कर चुके हैं।

अब शायद ही ऐसी कोई उपलब्धि बची हो, जिसे रोमन ने हासिल ना किया हो। इसलिए बेहतर होगा कि WWE, SummerSlam 2023 में जे उसो को चैंपियन बनने के लिए बुक करे, जिससे चैंपियनशिप स्टोरीलाइन को अलग तरीके से आगे बढ़ाया जा सके।

Quick Links

App download animated image Get the free App now