Asian Games 2023 : जैवलिन थ्रो में नीरज चोपड़ा को मिला सोना, किशोर जेना ने जीता सिल्वर, 4 गुणा 400 मीटर रीले में भी गोल्ड

गोल्ड जीतने वाली भारतीय पुरुष रीले टीम के साथ नीरज चोपड़ा और किशोर जेना।
गोल्ड जीतने वाली भारतीय पुरुष रीले टीम के साथ नीरज चोपड़ा और किशोर जेना।

भारत के 'गोल्डन ब्वॉय' नीरज चोपड़ा ने एक बार फिर इतिहास रचते हुए एशियन गेम्स 2023 में जैवलिन थ्रो का गोल्ड जीत लिया है। चीन के हांगझाओ में हो रहे एशियाड में पुरुष जैवलिन थ्रो फाइनल में नीरज ने 88.88 मीटर के शानदार थ्रो के साथ गोल्ड हासिल किया।

दूसरा स्थान भी भारत के खाते में गया। किशोर कुमार जेना ने 87.54 मीटर के पर्सनल बेस्ट थ्रो के साथ सिल्वर मेडल जीता। नीरज लगातार दो बार एशियाड में जैवलिन गोल्ड जीतने वाले पहले भारतीय एथलीट हैं। वहीं पहली बार इस स्पर्धा के दोनों टॉप स्थान भारत ने जीते हैं। जापान के जेनकी रोडरिक को ब्रॉन्ज मिला।

88.88 मीटर का थ्रो इस सीजन नीरज का बेस्ट थ्रो रहा है। पाकिस्तान के जैवलिन थ्रो खिलाड़ी अरशद नदीम के चोट के कारण एशियाड से हटने के बाद से ही नीरज को इस गोल्ड मेडल का पक्का दावेदार माना जा रहा था।

नीरज ने अपने चौथे प्रयास में 88.88 मीटर की दूरी नापी। लेकिन दिन का सबसे हैरान करने वाला प्रदर्शन जेना का रहा। जेना से पदक की उम्मीद जरूर थी लेकिन उनका अपने चौथे प्रयास में 87 मीटर से अधिक की दूरी पर भाला फेंकना भारत के लिए अच्छी खबर लेकर आया।

एथलेटिक्स के मैदान से भारत ने बुधवार को एक और गोल्ड जीता। पुरुषों की 4 गुणा 400 मीटर रीले के फाइनल में भारत ने पहला स्थान हासिल किया। हाल ही में वर्ल्ड ऐथलेटिक्स चैंपियनशिप में ऐतिहासिक प्रदर्शन कर फाइनल में जाने वाली भारतीय टीम ने यहां 3 मिनट 1 सेकेंड का समय लेकर पहला स्थान पाया। मुहम्मद अनस, एमोज जेकब, मुहम्मद अजमल और रमेश राजेश ने भारतीय खेल प्रेमियों की उम्मीद को पूरा किया। पिछली बार एशियाड में भारतीय टीम को इस स्पर्धा में सिल्वर मिला था। दूसरे स्थान पर इस बार श्रीलंका रहा जबकि थाईलैंड को तीसरा स्थान मिला।

महिलाओं की 4 गुणा 400 मीटर रीले में भारत को सिल्वर मेडल से संतोष करना पड़ा। पिछले पांच एशियाड से भारत इस स्पर्धा में गोल्ड जीत रहा था इसलिए भारत के इस बार दूसरा स्थान पाने पर खेल प्रेमियों को थोड़ी निराशा जरूर हुई। बहरीन ने गोल्ड जबकि श्रीलंका ने सिल्वर जीता।

महिला 800 मीटर फाइनल में भारत की हरमिलन बैंस ने सिल्वर मेडल जीतने में कामयाबी पाई। वहीं पुरुष स्टीपलचेज का गोल्ड जीतने वाले अविनाश साबले पुरुष 5000 मीटर दौड़ में दूसरे स्थान पर रहकर सिल्वर मेडल घर लाए। भारत को बुधवार सुबह 35 किलोमीटर पैदल चाल के मिक्स्ड इवेंट में ब्रॉन्ज मेडल मिला था।

फिलहाल भारत के 18 गोल्ड, 31 सिल्वर और 32 ब्रॉन्ज समेत कुल 81 पदक हो चुके हैं।