बैडमिंटन स्टार सात्विक साईंराज का कमाल, जोरदार स्मैश से बनाया गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड

Badminton - Commonwealth Games Day 5
Satwiksairaj Rankireddy

भारतीय बैडमिंटन स्टार खिलाड़ी सात्विक साईंराज का नाम इतिहास के पन्नों में एक बार फिर दर्ज हो गया है। कॉमनवेल्थ गेम्स गोल्ड मेडलिस्ट सात्विक साईंराज ने एक विशेष प्रयास में 565 किलोमीटर प्रतिघंटे की रफ्तार से स्मैश मारा और 10 साल पुराना रिकॉर्ड ध्वस्त कर दिया। चिराग शेट्टी के साथ जोड़ी बनाकर खेलने वाले सात्विक ने जापान के सोका में बनी योनेक्स जिम फैक्ट्री में किए गए प्रयास में यह उपलब्धि हासिल की। योनेक्स जापान की मशहूर खेल का सामान बनाने वाली कंपनी है।

सात्विक ने मई 2013 में मलेशिया के तान बून ह्योंग द्वारा बनाए गए रिकॉर्ड को तोड़ा। तान बून ने 493 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तब स्मैश मारते हुए रिकॉर्ड बनाया था। सात्विक ने पुराने रिकॉर्ड से 72 किलोमीटर प्रतिघंटे की अधिक रफ्तार से शॉट मारा और रिकॉर्ड अपने नाम कर लिया। योनेक्स ने एक विशेष कार्यक्रम में 14 अप्रैल 2023 के दिन सबसे तेज स्मैश के लिए अपनी फैक्ट्री में यह प्रयास करवाए थे और अब जाकर इसके परिणाम को गिनीज बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड द्वारा सहमति दी गई है।

सात्विक के अलावा महिला खिलाड़ियों की ओर से भी सबसे तेज स्मैश मारने के रिकॉर्ड के लिए प्रयास किया गया था। मलेशिया की डबल्स खिलाड़ी टैन पर्ली ने 438 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से स्मैश मारकर महिला वर्ग का रिकॉर्ड अपने नाम किया। योनेक्स ने अपने आधिकारिक बयान में भी इन विश्व रिकॉर्ड की पुष्टि की।

योनेक्स (Yonex) को यह ऐलान करते हुए खुशी हो रही है कि योनेक्स के बैडमिंटन खिलाड़ी सात्विकसाईंराज रणकिरेड्डी (भारत) और टैन पर्ली (मलेशिया) ने सबसे तेज बैडमिंटन स्मैश के मामले में पुरुष वर्ग एवं महिला वर्ग (क्रमश:) में नए गिनीज विश्व रिकॉर्ड बनाने में सफलता हासिल की है।

सात्विक की इस उपलब्धि पर उन्हें देशभर से प्यार और बधाईयां मिल रही हैं। सात्विक और उनके जोड़ीदार चिराग के लिए अभी तक यह सीजन शानदार रहा है। दोनों ने इस साल स्विस ओपन और इंडोनिशिया ओपन जीतने के साथ ही बैडमिंटन एशिया चैंपियनशिप का खिताब भी अपने नाम किया है।

Edited by Prashant
Be the first one to comment