Highest T20I Scores at Wankhede Stadium: भारत ने इंग्लैंड के खिलाफ चल रहे टी-20 सीरीज में 3-1 की अजेय बढ़त हासिल कर ली है। अब सीरीज का अंतिम मुकाबला मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम में खेला जाना है। हाल ही में इस मैदान ने अपने 50 साल पूरे किए हैं। वानखेड़े का मैदान भारतीय क्रिकेट के लिए काफी शानदार रहा है। यहां भारतीय फैंस की कई सुनहरी यादें हमेशा ताजा होती रही हैं। वानखेड़े के मैदान पर टी-20 क्रिकेट में खूब रन बनते हैं। ऐसे में अंतिम मैच हाई-स्कोरिंग हो सकता है। इसी कड़ी में एक नजर डालते हैं वानखेड़े में टी-20 इंटरनेशनल में अब तक बन चुके तीन सबसे बड़े स्कोर पर।
#3 दक्षिण अफ्रीका (229/4)
2016 में भारत ने जब टी-20 विश्व कप का आयोजन किया था तब दक्षिण अफ्रीका और इंग्लैंड के बीच इसी मैदान पर हाई स्कोरिंग मैच खेला गया था। दक्षिण अफ्रीका ने पहले बल्लेबाजी करते हुए चार विकेट के नुकसान पर 229 रनों का बड़ा स्कोर खड़ा किया था। हाशिम अमला और क्विंटन डिकॉक ने पारी की शुरुआत करते हुए अर्धशतक लगाए थे। इसके बाद जीन पॉल डुमिनी और डेविड मिलर ने धुआंधार तरीक़े से पारी का अंत किया था।
#2 इंग्लैंड (230/8)
दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ मैच में 230 रनों के लक्ष्य का पीछा करते हुए इंग्लैंड ने ऐतिहासिक जीत दर्ज की थी। 16 गेंदों में 43 रन बनाकर जेसन रॉय ने इंग्लैंड को आतिशी शुरुआत दिलायी थी। हालांकि, प्लेयर ऑफ द मैच रहे जो रूट ने इस मैच की सबसे बेहतरीन पारी खेली थी। रूट ने केवल 44 गेंदों में 83 रनों की पारी खेली थी जिसमें छह चौके और चार छक्के शामिल रहे थे। इंग्लैंड ने दो गेंद शेष रहते यह मुकाबला अपने नाम किया था।
#1 भारत (240/3)
2019 में वेस्टइंडीज के खिलाफ वानखेड़े में हुए मुकाबले में भारत ने पहले बल्लेबाजी करते हुए तीन विकेट के नुकसान पर 240 रन बना दिए थे। ये आज भी टी-20 इंटरनेशनल मैच में इस मैदान पर बना सबसे बड़ा स्कोर है। रोहित शर्मा और केएल राहुल ने भारत के लिए 11.4 ओवर में 135 रनों की ओपनिंग साझेदारी की थी।
रोहित ने केवल 34 गेंदों में 73 रन बना दिए थे जिसमें छह चौके और पांच छक्के शामिल रहे थे। दूसरी ओर राहुल 56 गेंद में 91 रन बनाकर आउट हुए थे। उनकी पारी में नौ चौके और चार छक्के शामिल रहे थे। विराट कोहली ने केवल 29 गेंदों में नाबाद 70 रन बना दिए थे जिसमें चार चौके और सात छक्के शामिल रहे थे। भारत ने यह मैच 67 रनों से जीता था।