3 विदेशी खिलाड़ी जिनकी IPL 2025 मेगा ऑक्शन में हो सकती है चांदी

3 overseas could be expensive in ipl 2025 mega auction jake fraser mcgurk phil salt travis head
आईपीएल 2025 मेगा ऑक्शन में इन विदेशी खिलाड़ियों पर लग सकती है बड़ी बोली (Photo Credit: X/@SunRisers, @SergioCSKK)

3 Overseas Players Could Be Expensive In IPL 2025 Mega Auction: दुनियाभर से कई विदेशी खिलाड़ी हर साल आईपीएल खेलने भारत आते हैं। लीग क्रिकेट में आईपीएल विदेशी खिलाड़ियों की पहली पसंद बन गया है, जिसका बड़ा कारण उन्हें फ्रेंचाइजी से मिलने वाली मोटी फीस भी है। ऐसे में लीग क्रिकेट खेलने के चलते कई विदेशी खिलाड़ियों ने अपना नेशनल कॉन्ट्रैक्ट तक ठुकरा दिया है। आईपीएल 2024 नीलामी में मिचेल स्टार्क को कोलकाता नाइट राइडर्स ने 24.75 करोड़ रुपए में खरीदा था। इसके चलते कई अन्य विदेशी खिलाड़ियों ने भी करोड़ों का कॉन्ट्रैक्ट हासिल किया था।

आईपीएल 2025 मेगा ऑक्शन के चलते फ्रेंचाइजी के बीच चुनिंदा खिलाड़ियों को रिटेन करने की भारी दुविधा है। ऐसे में कई ऐसे बड़े विदेशी खिलाड़ी हैं, जो नीलामी में दिखाई पड़ सकते हैं। मेगा ऑक्शन में संभवतः इन खिलाड़ियों पर बड़ी बोली लग सकती है।

ऐसे में हम आज बताने जा रहे हैं तीन ऐसे खिलाड़ियों के बारे में जो आईपीएल 2025 मेगा ऑक्शन में संभवतः सबसे महंगे बिक सकते हैं

IPL 2025 मेगा ऑक्शन में इन विदेशी खिलाड़ियों पर लग सकती है बड़ी बोली

3. जेक फ्रेजर-मैकगर्क

ऑस्ट्रेलियाई बल्लेबाज जेक फ्रेजर-मैकगर्क ने साल 2024 में दिल्ली कैपिटल्स के लिए अपना आईपीएल डेब्यू किया था। इस दौरान मैकगर्क ने 9 मैचों में 36.67 की औसत और 234.04 की स्ट्राइक रेट से कुल 330 रन जड़े थे। अपने डेब्यू मुकाबले में मैकगर्क ने लखनऊ सुपर जायंट्स के खिलाफ 35 गेंदों पर 55 रनों की पारी से सभी को प्रभावित किया था। आईपीएल 2025 मेगा ऑक्शन से पहले दिल्ली कैपिटल्स द्वारा मैकगर्क को रिटेन करना मुश्किल है। रिलीज होने के बावजूद नीलामी में जेक फ्रेजर-मैकगर्क की चांदी हो सकती है।

2.फिल सॉल्ट

फिल सॉल्ट आईपीएल 2024 में कोलकाता नाइट राइडर्स टीम का हिस्सा थे। फिल सॉल्ट ने अपने आईपीएल करियर में 21 मुकाबले खेलते हुए 175.54 की स्ट्राइक रेट से 653 रन बनाए हैं। हालांकि, केकेआर में आंद्रे रसेल और सुनील नरेन जैसे खिलाड़ियों के चलते फ्रेंचाइजी सॉल्ट को रिलीज कर सकती है, लेकिन उनकी शानदार फॉर्म को देखते हुए नीलामी में फिल सॉल्ट को बड़ी रकम मिलने की उम्मीद है।

1.ट्रैविस हेड

आईपीएल 2024 में सनराइजर्स हैदराबाद के लिए खेलते हुए चौथे सबसे अधिक रन बनाने वाले बल्लेबाज ट्रैविस हेड आईपीएल 2025 मेगा ऑक्शन में दिखाई पड़ सकते हैं। हेड ने आईपीएल 2024 में 15 मैचों में 567 इन जड़े थे। शानदार प्रदर्शन के बावजूद हेड पर रिलीज होने का खतरा मंडरा रहा है। दरअसल, फ्रेंचाइजी के पास संभवतः कुल चार खिलाड़ियों में से (अभिषेक शर्मा, ट्रैविस हेड, हेनरिक क्लासेन और पैट कमिंस) किन्हीं तीन को चुनना पड़ सकता है। ऐसे में पैट कमिंस टीम के मौजूदा कप्तान हैं, अभिषेक शर्मा के पास भारतीय खिलाड़ी होने का फायदा है ,वहीं, क्लासेन मध्यक्रम में बेहतरीन फिनिशर बल्लेबाज हैं। ऐसे में संभवतः हेड को रिलीज किया जा सकता है। बावजूद इसके हेड के पिछले प्रदर्शन को बदौलत उनपर बड़ी बोली लग सकती है।

Quick Links

Edited by सावन गुप्ता
App download animated image Get the free App now