3 खिलाड़ी जो IPL 2022 के लिए आरसीबी के कप्तान के रूप में नजर आ सकते हैं 

विराट कोहली के कप्तानी छोड़ने के बाद मैक्सवेल हो सकते हैं अगले कप्तान
विराट कोहली के कप्तानी छोड़ने के बाद मैक्सवेल हो सकते हैं अगले कप्तान

आईपीएल (IPL) के ऑक्शन के बाद अब सभी फ्रेंचाइजी की टीमें तैयार हैं। मेगा ऑक्शन के दौरान सभी 10 फ्रेंचाइजी ने अपनी-अपनी सेना खड़ी कर दी है। अब ऑक्शन के बाद कुछ टीमों की सेनापति पर नजरें हैं। सेनापति यानी कप्तान, जिसमें ऑक्शन से पहले कुछ टीमों के कप्तानों के नाम तय थे। सीएसके ने धोनी, तो मुंबई ने रोहित शर्मा को कप्तान नियुक्त कर दिया था, इसके अलावा सनराइज़र्स हैदराबाद ने केन विलियम्सन को कमान सौंपने का फैसला कर लिया था, तो वहीं दिल्ली कैपिटल्स ने ऋषभ पंत, राजस्थान रॉयल्स ने संजू सैमसन, लखनऊ ने केएल राहुल, गुजरात टाइटंस ने हार्दिक पांड्या को कप्तान बनाया।

पंजाब किंग्स के लिए शिखर धवन को कप्तानी मिलने की रिपोर्ट्स आ रही हैं, तो वहीं केकेआर ने भी बुधवार को श्रेयस अय्यर के नाम पर मुहर लगा दी। ऐसे में अब कप्तानी की घोषणा के लिए रॉयल चैलेंजर्स की टीम बची है, जिनके कप्तान के बारे में अब तक कुछ अता-पता नहीं है।

विराट कोहली ने तो पिछले ही साल कप्तानी करने से इनकार कर दिया था। इसके बाद से ही आरसीबी की कप्तानी विकल्प पर नजरें थी। इसी बात को ध्यान में रखते हुए उन्होंने कुछ खिलाड़ियों को चुना जिन्हें कप्तानी दी जा सकती है। वैसे अब तक कौन कप्तान होगा, इस बारे में तस्वीर साफ तो नहीं हो पायी है, लेकिन आपको हम इस आर्टिकल में बताते हैं वो 3 नाम, जो आरसीबी की कप्तानी के विकल्प में हैं सबसे आगे।

3 खिलाड़ी जो आरसीबी के अगला कप्तान के रूप में नजर आ सकते हैं

#3 दिनेश कार्तिक

दिनेश कार्तिक ने अपनी पुरानी फ्रेंचाइजी में वापसी की है
दिनेश कार्तिक ने अपनी पुरानी फ्रेंचाइजी में वापसी की है

भारतीय टीम के अनुभवी विकेटकीपर बल्लेबाज दिनेश कार्तिक आईपीएल में पहले ही सीजन से खेल रहे हैं। दिनेश कार्तिक इस दौरान 6 अलग-अलग फ्रेंचाइजी के लिए खेले, जिसमें उन्होंने दिल्ली डेयरडेविल्स के लिए कार्यवाहक कप्तानी की है, तो साथ ही 2018 से 2020 के सीजन के मध्य तक कोलकाता नाइटराइडर्स की कप्तानी की। कार्तिक को केकेआर ने तो रिटेन नहीं किया, लेकिन ऑक्शन में उनकी 2015 के बाद फिर से आरसीबी में वापसी हुई। आरसीबी में वापसी के साथ ही वो कप्तान बनने की होड़ में भी आ गए हैं।

दिनेश कार्तिक ने खुद ही 2020 के सीजन के मध्य में केकेआर की कप्तानी छोड़कर इयोन मोर्गन को सौंपी थी, लेकिन एक बार फिर से उन्हें कप्तानी करनी पड़ सकती है। घरेलू क्रिकेट में भी कार्तिक को कप्तानी का काफी अनुभव है। ऐसे में आरसीबी के कप्तानी विकल्प में दिनेश कार्तिक का नाम माना जा सकता है।

#2 ग्लेन मैक्सवेल

ग्लेन मैक्सवेल
ग्लेन मैक्सवेल

ऑस्ट्रेलिय़ा के खतरनाक बल्लेबाजों में से एक ग्लेन मैक्सवेल का विश्व क्रिकेट में बहुत बड़ा नाम बन चुका है। मैक्सवेल ने अपनी खतरनाक हिटिंग एबिलिटी से टी20 क्रिकेट के सबसे पसंदीदा बल्लेबाजों में जगह बनायी है। ऑस्ट्रेलिया के लिए एक बड़े मैच विनर बन चुके ग्लेन मैक्सवेल आईपीएल में पिछले सीजन से रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर के लिए खेल रहे हैं। मैक्सवेल इस टीम के प्रमुख खिलाड़ियों में से एक हैं। इस सीजन ग्लेन मैक्सवेल को आरसीबी के कप्तान की रेस में माना जा सकता है। उनको आईपीएल में कप्तानी करने का अनुभव हासिल है। भले ही उन्हें कप्तानी में इतना ज्यादा तवज्जो नहीं दी गई हो, लेकिन उनमें कप्तानी के गुण जरूर मौजूद हैं। इसके अलावा वह बिग बैश में मेलबर्न स्टार्स के कप्तान भी हैं। ऐसे में आरसीबी के लिए उन्हें कप्तानी का विकल्प माना जा सकता है।

#1 फाफ डू प्लेसी

फाफ डू प्लेसी
फाफ डू प्लेसी

दक्षिण अफ्रीका के पूर्व कप्तान फाफ डू प्लेसी को इंटरनेशनल क्रिकेट में कुछ सालों तक कप्तानी का अनुभव है। उन्होंने अपनी कप्तानी में दक्षिण अफ्रीका को कई मैच जिताएं हैं, लेकिन आईपीएल में उन्हें अब तक कप्तानी का मौका हाथ नहीं लग सका है। फाफ एक बहुत ही जिम्मेदारी से खेलने वाले बल्लेबाज हैं, जो पिछले सीजन चेन्नई सुपर किंग्स के लिए काफी अहम रहे थे। इस बार उन्हें आरसीबी ने अपने पाले में शामिल किया है। फाफ के टीम में आने के साथ ही उन्हें कप्तानी की रेस में सबसे आगे माना जा रहा है, क्योंकि आरसीबी की टीम में विराट के अलावा कप्तानी में उनसे ज्यादा अनुभव किसी में नहीं कहा जा सकता है।

Quick Links