4 खिलाड़ी जो IPL 2023 ऑक्शन में सबसे महंगे रहे 

Neeraj
4 खिलाड़ी जो IPL 2023 ऑक्शन में महंगे बिके
4 खिलाड़ी जो IPL 2023 ऑक्शन में महंगे बिके

इंडियन प्रीमियर लीग (Indian Premier Leauge) के 16वें सीजन की नीलामी 23 दिसंबर को कोच्चि में हुई। आईपीएल 2023 (IPL Auction) की नीलामी में कुल 80 खिलाड़ियों को बोली लगाकर टीमों द्वारा खरीदा गया। भले ही आगामी सत्र के लिए बीसीसीआई ने इस बार मिनी ऑक्शन रखा था लेकिन इसमें जमकर पैसे खर्च किये गए। कोच्चि में संपन्न हुई इस नीलामी में कई रिकॉर्ड बने और टूटे। आईपीएल इतिहास में पहली बार ऐसा हुआ जब चार खिलाड़ी 15 करोड़ से ज्यादा की रकम में बिके।

ऑक्शन में 80 खिलाड़ियों को खरीदने के लिए, सभी दस टीमों ने कुल मिलाकर 167 करोड़ की राशि खर्च की। इस दौरान कई खिलाड़ियों के हिस्से में मोटी रकम आई। कुछ खिलाड़ियों को उम्मीद से बढ़कर दाम मिले जिसे देखकर फैंस भी हैरान हुए। इस आर्टिकल में हम उन चार खिलाड़ियों की बात करेंगे जो आईपीएल 2023 ऑक्शन में सबसे महंगे बिके।

इन 4 खिलाड़ियों ने आईपीएल 2023 ऑक्शन में सबसे ज्यादा कमाई की

#4 निकोलस पूरन (16 करोड़)

निकोलस पूरन (Image - Espn)
निकोलस पूरन (Image - Espn)

वेस्टइंडीज टीम के विकेटकीपर बल्लेबाज निकोलस पूरन को आईपीएल 2023 के ऑक्शन से पहले सनराइजर्स हैदराबाद ने रिलीज़ कर दिया था। पूरन का ऑक्शन में बेस प्राइस 2 करोड़ रूपये था। नीलामी में बाएं हाथ के इस विकेटकीपर बल्लेबाज को खरीदने के लिए शुरुआत में चेन्नई सुपर किंग्स और राजस्थान रॉयल्स के बीच जंग देखने को मिली। इसके बाद, दिल्ली कैपिटल्स और लखनऊ सुपर जायंट्स के बीच पूरन को स्क्वाड में शामिल करने की होड़ मच गई। अंत में लखनऊ ने पूरन को 16 करोड़ की बड़ी रकम खर्च करते हुए खरीद लिया।

#3 बेन स्टोक्स (16.25 करोड़)

बेन स्टोक्स (Image - Espn)
बेन स्टोक्स (Image - Espn)

इंग्लैंड की टेस्ट टीम के कप्तान बेन स्टोक्स का भी ऑक्शन में जलवा देखने को मिला। इस साल टी20 वर्ल्ड कप में इंग्लैंड की जीत में स्टोक्स की अहम भूमिका रही थी। ज्यादातर फ्रेंचाइजी इस धाकड़ ऑलराउंडर को अपने स्क्वाड में जोड़ना चाहती थीं। महेंद्र सिंह धोनी की अगुवाई वाली चेन्नई सुपर किंग्स ने स्टोक्स को 16.25 करोड़ में खरीदकर अपने साथ जोड़ लिया है। स्टोक्स ने आईपीएल 2021 में राजस्थान रॉयल्स के लिए अपना पिछला सीजन खेला था जिसमें वो सिर्फ एक मैच खेले थे और फिर चोटिल होकर टूर्नामेंट से बाहर हो गए थे।

#2 कैमरन ग्रीन (17.50 करोड़)

कैमरन ग्रीन (Image - Espn)
कैमरन ग्रीन (Image - Espn)

ऑस्ट्रेलियाई ऑलराउंडर कैमरन ग्रीन ने पहली बार आईपीएल के ऑक्शन में रजिस्टर किया था। ग्रीन को आईपीएल 2023 के मिनी ऑक्शन में पांच बार की विजेता मुंबई इंडियंस ने 17 करोड़ 50 लाख रूपये में खरीदा। दाएं हाथ का यह खिलाड़ी आईपीएल इतिहास का दूसरा सबसे महंगा खिलाड़ी बन गया है। ग्रीन ने इसी वर्ष 5 अप्रैल को पाकिस्तान के खिलाफ खेलते हुए, अपना टी20 अंतरराष्ट्रीय डेब्यू किया था। 23 वर्षीय इस खिलाड़ी ने आठ मैच खेले हैं जिसमें 139 रन बनाये हैं और गेंदबाजी करते हुए 5 विकेट झटके हैं।

#1 सैम करन (18.50 करोड़)

सैम करन को पंजाब किंग्स ने खरीदा
सैम करन को पंजाब किंग्स ने खरीदा

इंग्लैंड के ऑलराउंडर सैम करन इस लिस्ट में पहले पायदान पर हैं। आईपीएल 2023 के ऑक्शन में सबसे ज्यादा पैसों की बारिश इसी युवा खिलाड़ी के ऊपर हुई। करन को पंजाब किंग्स ने 18.50 करोड़ में खरीदते हुए अपने खेमे में शामिल किया है। दिलचस्प बात यह है कि 2019 में करन ने इसी फ्रेंचाइजी के लिए खेलते हुए, अपना आईपीएल डेब्यू किया था। आगामी सीजन में एक बार फिर बाएं हाथ का यह ऑलराउंडर अपनी पुरानी फ्रेंचाइजी के लिए खेलता हुआ दिखाई देगा।

Quick Links