5 Milestones Can Achieved MI vs GT Match: IPL 2025 का 56वां मुकाबला आज शाम मुंबई इंडियंस और गुजरात टाइटंस के बीच देखने को मिलने वाला है। एमआई और जीटी, दोनों ही प्लेऑफ में जगह बनाने की प्रबल दावेदार हैं। मुंबई इंडियंस और गुजरात टाइटंस अपने पिछले मैच जीतकर आ रहे हैं। इस मुकाबले में वो जीत दर्ज करके टॉप 4 में अपनी जगह पक्की करने की ओर एक कदम आगे बढ़ाने का पूरा प्रयास करेंगे। मुकाबले में कुछ खिलाड़ी बड़ी उपलब्धियां भी हासिल कर सकते हैं। इस आर्टिकल में हम 5 बड़े रिकॉर्ड के बारे में बात करने वाले हैं, जो आज MI vs GT मैच में बन सकते हैं।
1. शुभमन गिल के पास टी20 में 5000 रन पूरे करने का मौका
IPL 2025 में शुभमन गिल ने न सिर्फ बल्ले से, बल्कि कप्तानी से भी गुजरात टाइटंस को जीत की राह दिखाई है। शुभमन गिल ने अपने टी20 करियर में अब तक 37.67 की औसत से 152 परियों में 4,936 रन बनाए हैं। मुंबई इंडियंस के खिलाफ 64 रन बनाकर शुभमन टी20 में 5,000 रन पूरे करने का रिकॉर्ड बना सकते हैं।
2. IPL में रोहित शर्मा को बड़ा रिकॉर्ड बनाने के लिए चाहिए 79 रन
IPL 2025 की शुरुआत रोहित शर्मा के लिए कुछ खास नहीं रही लेकिन पिछले कुछ मुकाबले उनके लिए बढ़िया साबित हुए हैं। वो IPL में अब तक 267 मैचों में 6,921 रन अर्जित कर चुके हैं। अगर गुजरात टाइटंस के खिलाफ मुकाबले में दिग्गज 79 रन बना देते हैं, तो IPL करियर में 7,000 रन पूरे करने का शानदार रिकॉर्ड अपने नाम कर लेंगे।
3. साई सुदर्शन के पास IPL में 50 छक्के पूरे करने का मौका
गुजरात टाइटंस के सलामी बल्लेबाज साई सुदर्शन ने IPL 2025 में जोरदार प्रदर्शन किया है और 50.40 की औसत से 504 रन बना दिए हैं। अपने IPL करियर में साई ने 47 छक्के लगाए हैं। अगर वो मुंबई इंडियंस के खिलाफ आज के मुकाबले में तीन गेंदों को हवाई यात्रा करा देते हैं, तो 50 छक्के जड़ने की शानदार उपलब्धि अपने नाम कर लेंगे।
4. हार्दिक पांड्या IPL में 150 छक्के पूरे करना चाहेंगे
मुंबई इंडियंस के कप्तान हार्दिक पांड्या के लिए IPL 2025 शानदार रहा है। उन्होंने बल्ले से कुछ महत्वपूर्ण रन बनाए हैं और 13 विकेट भी झटके हैं। पांड्या काफी साल से IPL खेल रहे हैं और अब तक 143 छक्के लगा चुके हैं। अगर गुजरात टाइटंस के खिलाफ मुकाबले में हार्दिक ताबड़तोड़ बल्लेबाजी करते हुए 7 छक्के जड़ देते हैं, तो वो 150 के आंकड़े को छू लेंगे।
5. नमन धीर के पास टी20 में 500 रन पूरे करने का मौका
मुंबई इंडियंस के धक्कड़ बल्लेबाज नामंड धीर ने IPL 2025 में अब तक अपनी 7 परियों में 155 रन बनाए हैं। नमन के पास जीटी के खिलाफ बड़ा रिकॉर्ड बनाने का मौका है। उन्होंने अब तक अपने टी20 करियर में 466 रन बनाए हैं। अगर वो आज के मुकाबले में 34 रन जड़ देते हैं, तो 500 रन पूरे कर लेंगे।