Aakash Chopra slams Mumbai Indians schedule: आईपीएल 2025 का शेड्यूल रिलीज कर दिया गया है। इस बार के सीजन की शुरुआत 22 मार्च से होगी और पहला मैच कोलकाता नाइट राइडर्स और रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के बीच खेला जाएगा। वहीं पांच बार की चैंपियन टीम मुंबई इंडियंस अपने अभियान का आगाज 23 मार्च से करेगी। हार्दिक पांड्या की टीम का सामना अपने पहले ही मैच में चिरप्रतिद्वंदी चेन्नई सुपर किंग्स से होगा। हर बार की तरह इस सीजन में भी टीमों को होम और अवे मैच खेलने होंगे। इसी चीज में मुंबई इंडियंस को परेशानी का सामना करना पड़ सकता है, ऐसा आकाश चोपड़ा का मानना है। उन्होंने इसके पीछे अहम वजह का भी जिक्र किया है।
मुंबई इंडियंस के शेड्यूल में आकाश चोपड़ा ने बताई खास चीज की कमी
दरअसल, आईपीएल में हर टीम होम और अवे गेम खेलती है। इसमें कई बार कुछ टीमों को लगातार मैच घर पर खेलने का अवसर मिल जाता है लेकिन इस बार मुंबई इंडियंस के साथ सिर्फ एक बार ही ऐसा होगा। पूरे 14 मैचों के दौरान मुंबई की टीम सिर्फ एक बार लगातार दो मैच अपने होम ग्राउंड वानखेड़े स्टेडियम में खेलेगी। इसके अलावा उसके पूरे शेड्यूल में एक मैच होम और फिर अगला अवे है। इस चीज को आकाश चोपड़ा ने मुंबई इंडिंयस के लिए हेक्टिक बताया है।
पूर्व भारतीय क्रिकेटर और हिंदी कमेंट्री में अपना जलवा दिखा रहे आकाश चोपड़ा ने मुंबई इंडियंस के शेड्यूल को लेकर कहा:
"मुंबई अवे गेम्स से शुरुआत कर रही है लेकिन वे हर दूसरा मैच घर के बाहर खेल रहे हैं, यह समझ में नहीं आता। वे लगातार एक घरेलू गेम के बाद एक अवे गेम खेल रहे हैं। वे पूरे सीजन में केवल एक बार दो लगातार मैच घरेलू मैदान पर खेल रहे हैं, और इसका असर पड़ेगा। मेरी राय में, एक बहुत मुश्किल और कठिन कार्यक्रम बनाया गया है। अगर हम इसे मुंबई के दृष्टिकोण से देखें, तो उन्हें थोड़ी कठिनाई होने वाली है क्योंकि यात्रा कठिन है, और यह एक बिंदु के बाद आपको प्रभावित करता है।"
आपको बता दें कि मुंबई इंडियंस का प्रदर्शन पिछले कुछ सीजन से अच्छा नहीं रहा है। पिछले सीजन टीम ने कप्तानी में भी बदलाव किया लेकिन हार्दिक पांड्या भी कुछ खास नहीं कर पाए। ऐसे में एमआई के ऊपर वापसी का दबाव होगा।