IPL में मुंबई इंडियंस के खिलाफ कैसा रहा है शिखर धवन का प्रदर्शन?

अब तक ठीक रहा है धवन का प्रदर्शन (Photo Credit: IPL)
अब तक ठीक रहा है धवन का प्रदर्शन (Photo Credit: IPL)

इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) 2022 में पंजाब किंग्स (PBKS) के लिए खेल रहे ओपनिंग बल्लेबाज शिखर धवन (Shikhar Dhawan) ने इस सीजन अब तक ठीक प्रदर्शन किया है। चार मैचों में 127 रन बनाने वाले धवन अपनी टीम के लिए दूसरे सबसे अधिक रन बनाने वाले बल्लेबाज हैं। अच्छा प्रदर्शन होने के बावजूद भी धवन अब तक कोई ऐसी पारी नहीं खेल सके हैं जिसके लिए उन्हें जाना जाता है।

आज रात को उनकी टीम का सामना मुंबई इंडियंस से होगा और इस मैच में धवन एक बड़ी पारी खेलने की कोशिश करेंगे। मुंबई के खिलाफ अब तक धवन ने काफी अच्छा प्रदर्शन किया है। आइए जानते हैं मुंबई के खिलाफ अब तक कैसा रहा है धवन का प्रदर्शन।

धवन ने अब तक मुंबई के खिलाफ खेले 26 मैचों में 38.14 की औसत के साथ 801 रन बनाए हैं। उन्होंने नाबाद 82 के सर्वोच्च व्यक्तिगत स्कोर के साथ मुंबई के खिलाफ पांच अर्धशतक लगाए हैं। धवन ने मुंबई के खिलाफ अपने रन 126.74 की स्ट्राइक-रेट के साथ बनाए हैं।

मुंबई के प्रमुख गेंदबाजों के खिलाफ धवन का प्रदर्शन

जसप्रीत बुमराह मुंबई की गेंदबाजी का सबसे मुख्य हथियार हैं, लेकिन इस सीजन वह छाप नहीं छोड़ सके हैं। बुमराह ने इस सीजन मुंबई के लिए खेले चार मैचों में केवल तीन ही विकेट लिए हैं और इस दौरान उन्होंने आठ से अधिक की इकॉनमी से रन खर्च किए हैं। बुमराह की फॉर्म अच्छी नहीं होने का फायदा धवन जरूर लेना चाहेंगे। धवन ने बुमराह के खिलाफ 77 गेंदों में 95 रन बनाए हैं और केवल एक ही बार आउट हुए हैं।

मुरुगन अश्विन ने मुंबई के लिए इस सीजन काफी अच्छा काम किया है, लेकिन धवन का रिकॉर्ड उनके खिलाफ भी शानदार है। धवन ने अश्विन के खिलाफ 25 गेंदों में 37 रन बनाए हैं और अब तक एक भी बार आउट नहीं हुए हैं।

टायमल मिल्स इस सीजन मुंबई के लिए सबसे अधिक विकेट लेने वाले गेंदबाज हैं। धवन ने उनके खिलाफ एक बार बल्लेबाजी की है और बिना आउट हुए चार गेंदों में दो रन बनाए हैं।

Quick Links