india vs australia brisbane test first day stumps: भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच ब्रिस्बेन में खेले जा रहे पहले टेस्ट मैच के पहले दिन का खेल समाप्त हो चुका है। लगातार हो रही बारिश के बीच अंपायर्स ने दिन के खेल के समाप्ति की घोषणा कर दी है। पहले दिन केवल 13.2 ओवर का ही खेल हो पाया। दिन का अधिकतर समय खिलाड़ियों और फैंस ने इंतजार में ही बिताया। पहले सेशन में एक घंटे से अधिक समय बारिश के कारण खराब हुआ था और जब आखिरी बार खेल रोका गया तो उसके थोड़ी ही देर बाद लंच घोषित हो गया था। इसके बाद दोबारा खेल शुरू ही नहीं हो पाया।
लगभग साढ़े चार घंटे तक किया गया इंतजार
दिन के छठे ओवर में ही बारिश आ गई थी जिसके कारण मैच रोकना पड़ा और लगभग आधे घंटे की देरी के बाद दोबारा मैच शुरू हो पाया। इसके बाद आठ ही ओवर का खेल हुआ था की बारिश दोबारा लौट आई। भारतीय समयानुसार सुबह 7:15 पर खेल रोका गया और इसके बाद बारिश रुकने का इंतजार शुरू हुआ। आधे घंटे तक इंतजार के बाद जब बारिश नहीं रुकी तो अंपायरों ने लंच की घोषणा कर दी।
लंच के बाद भी ना तो बारिश रुकी थी और ना ही मैदान की हालत ही सुधरी थी और मैच शुरू होने का इंतजार एक बार फिर से लंबा होने लगा। देखते ही देखते दूसरे सेशन का पूरा समय निकल गया लेकिन मैच को दोबारा शुरू नहीं करवाया जा सका। इस बीच अंपायरों ने चायकाल की भी घोषणा कर दी और फैंस का इंतजार एक बार फिर लंबा हो गया।
चायकाल के बाद भी हुआ लंबा इंतजार
चायकाल का समय भी बीत जाने के बाद बारिश रुकने का नाम नहीं ले रही थी और अंपायरों ने बारिश रुके बिना मैदान का निरीक्षण करना उचित भी नहीं समझा। एक घंटे से अधिक का और इंतजार किया गया और इसके बाद अंपायरों ने यह फैसला लिया कि अब आज दोबारा खेल शुरू करना मुमकिन नहीं होगा।
भारतीय समयानुसार 11:45 बजे दिन के खेल को समाप्त घोषित कर दिया गया। अब रविवार सुबह मैच को आधे घंटे जल्दी शुरू कराया जाएगा।