PBKS vs MI: पंजाब किंग्स के खिलाफ उतरते ही रोहित शर्मा ने हासिल की खास उपलब्धि, IPL में बड़ा कारनामा करने वाले बने दूसरे खिलाड़ी

बल्लेबाजी के दौरान शॉट खेलते रोहित शर्मा  (Photo Courtesy: IPLt20.com)
बल्लेबाजी के दौरान शॉट खेलते रोहित शर्मा (Photo Courtesy: IPLt20.com)

Rohit Sharma 250th IPL Match: इंडियन प्रीमियर लीग 2024 के 33वें मुकाबले में पंजाब किंग्स का सामना मुंबई इंडियंस से हो रहा है। मुकाबले में पंजाब किंग्स ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया है। यह मैच मुंबई इंडियंस के पूर्व कप्तान और दिग्गज खिलाड़ी रोहित शर्मा के लिए बहुत खास है। दरअसल, रोहित आज अपने आईपीएल करियर का 250वां मुकाबला खेलने उतरे हैं।

रोहित शर्मा इंडियन प्रीमियर लीग के इतिहास में केवल दूसरे खिलाड़ी हैं, जो करियर में 250 आईपीएल मुकाबले खेले हैं। उनसे पहले यह कारनामा दिग्गज विकेटकीपर बल्लेबाज महेंद्र सिंह धोनी ने किया है। धोनी अपने आईपीएल करियर में चेन्नई सुपर किंग्स के अलावा राइजिंग पुणे सुपरजायंट्स की तरफ से भी खेले और लीग में अब तक कुल 256 मुकाबले खेल चुके हैं। अब धोनी के बाद, रोहित शर्मा 250 मैच खेलने वाले दूसरे खिलाड़ी बन गए हैं।

IPL में सबसे ज्यादा मुकाबले खेलने वाले खिलाड़ी

रोहित शर्मा के बाद आईपीएल इतिहास में तीसरे सबसे ज्यादा मुकाबले खेलने वाले खिलाड़ी दिनेश कार्तिक हैं। उन्होंने अपने करियर में अब तक 249 मुकाबले खेले हैं। विराट कोहली लिस्ट में चौथे नंबर पर आते हैं। कोहली ने अपने आईपीएल करियर में अब तक कुल 244 मुकाबले खेले हैं।

रोहित शर्मा दुनिया के सबसे खतरनाक बल्लेबाज में से एक माने जाते हैं। उन्होंने पिछले आईपीएल मुकाबले में चेन्नई सुपर किंग्स के खिलाफ नाबाद शतकीय पारी भी खेली थी। हालांकि उनकी इस धमाकेदार पारी के बावजूद भी मुंबई इंडियंस की टीम सीएसके के खिलाफ जीत नहीं दर्ज कर पाई थी। ऐसे में मुंबई इंडियंस की टीम पंजाब किंग्स के खिलाफ आज के मुकाबले में जीत दर्ज करने के लिए अपना पूरा दमखम लगाते हुए नजर आएगी।

आपको बता दें कि आईपीएल 2024 के पहले मुंबई इंडियंस की टीम ने रोहित शर्मा की जगह हार्दिक पांड्या को अपना नया कप्तान बनाया था। रोहित मुंबई इंडियंस के सबसे सफल कप्तान थे और उनको हटाए जाने का फैसला काफी हैरानी भरा रहा था। उनकी कप्तानी में मुंबई इंडियंस ने एक या दो नहीं, बल्कि 5 बार आईपीएल का खिताब अपने नाम किया था। रोहित मौजूदा सीजन में शानदार फॉर्म में चल रहे हैं। वह 6 पारियों में एक शतक की मदद से 261 रन बना चुके हैं।

Quick Links