PBKS vs MI: शिखर धवन IPL 2024 में आज का मुकाबला क्यों नहीं खेल रहे हैं?

शिखर धवन लगातार दूसरा मुकाबला नहीं खेल रहे हैं
शिखर धवन लगातार दूसरा मुकाबला नहीं खेल रहे हैं

Why is Shikhar Dhawan not playing today: आईपीएल 2024 में आज सीजन का 33वां मुकाबला पंजाब किंग्स और मुंबई इंडियंस के बीच मुल्लांपुर में बने नए स्टेडियम में खेला जा रहा है। हालाँकि, इस मुकाबले में भी पंजाब किंग्स की तरफ से टॉस के लिए सैम करन आये और तभी स्पष्ट हो गया कि नियमित कप्तान शिखर धवन आज भी मुकाबले में नहीं खेल रहे हैं। इससे पहले वह राजस्थान रॉयल्स के खिलाफ भी नहीं खेले थे।

शिखर धवन कंधे की चोट से उबर रहे हैं और इसकी पुष्टि पंजाब किंग्स के स्पिन गेंदबाजी कोच सुनील जोशी ने की। जोशी ने बताया कि धवन रिहैब की प्रक्रिया से गुजर रहे हैं।

बुधवार को प्री-मैच प्रेस कॉन्फ्रेंस में, जोशी ने कहा,

मेडिकल टीम स्थिति का आकलन करेगी और हमें सूचित करेगी, अभी वह रिहैब में है। उनकी गैरमौजूदगी में सैम करन कप्तानी की भूमिका निभा रहे हैं। वह पिछले साल भी कार्यवाहक कप्तान थे जब धवन चोटिल थे, और उन्होंने टीम का अच्छी तरह से नेतृत्व किया था। इसलिए, हम उन पर पूरा भरोसा करते हैं।

वहीं, राजस्थान रॉयल्स के खिलाफ मुकाबले के बाद, हेड कोच संजय बांगर ने धवन को लेकर बताया कि वह कुछ दिनों तक बाहर रहेंगे। उन्होंने कहा था कि दुर्भाग्य से, उनके कंधे में चोट है, इसलिए उनके कम से कम 7-10 दिनों तक बाहर रहने की संभावना है। मैं कहूंगा कि अनुभवी सलामी बल्लेबाज और शिखर जैसे खिलाड़ी का अनुभव इस तरह के विकेट में काफी अहम हो जाता है और हमें उनकी कमी खली।

शिखर धवन की जगह मुंबई इंडियंस के खिलाफ किसने ली?

मुंबई इंडियंस के खिलाफ मुकाबले में सैम करन ने टॉस जीतकर पहले फील्डिंग का फैसला किया। करन ने कहा कि हम पहले गेंदबाजी करेंगे और यही ट्रेंड भी चला आ रहा है। वहीं, उन्होंने पुष्टि करते हुए बताया कि शिखर अभी भी चोटिल हैं और रिकवरी कर रहे हैं। हालाँकि, उनकी जगह किसे शामिल किया गया, इसके बारे में करन ने जानकारी नहीं दी लेकिन इम्पैक्ट प्लेयर के रूप में अभी तक खेलने वाले आशुतोष शर्मा को प्लेइंग XI में सीधे जगह मिली है। वहीं, प्रभसिमरण सिंह पारी की शुरुआत करते नजर आ सकते हैं।

मुंबई इंडियंस के खिलाफ पंजाब किंग्स की प्लेइंग XI

सैम करन (कप्तान), राइली रूसो, प्रभसिमरन सिंह, जितेश शर्मा (विकेटकीपर), लियाम लिविंगस्टोन, शशांक सिंह, आशुतोष शर्मा, हरप्रीत बरार, हर्षल पटेल, कगिसो रबाडा, अर्शदीप सिंह

Quick Links