IPL 2024 : 'मुझे लगा कि एक बार फिर 5 छक्के ना पड़ जाएं...', यश दयाल के आखिरी ओवर को लेकर उनके पिता ने किया बड़ा खुलासा

यश दयाल की पहली ही गेंद पर छक्का लग गया था (Photo Credit - IPLT20)
यश दयाल की पहली ही गेंद पर छक्का लग गया था (Photo Credit - IPLT20)

Yash Dayal Last over vs CSK : रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के तेज गेंदबाज यश दयाल ने जिस तरह से चेन्नई सुपर किंग्स के खिलाफ मुकाबले में आखिरी ओवर में रनों को डिफेंड किया, उसकी काफी तारीफ हो रही है। वहीं यश दयाल के पिता को 5 छक्के लगने का डर सता रहा था। उन्होंने कहा कि जब धोनी ने पहली ही गेंद पर छक्का लगा दिया तो फिर उन्हें लगा कि कहीं एक बार फिर से लगातार 5 छक्के ना लग जाएं।

रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु की टीम आईपीएल 2024 के प्लेऑफ में पहुंच गई है और इसका काफी हद तक श्रेय टीम के तेज गेंदबाज यश दयाल को दिया जा रहा है। एक समय वो था, जब रिंकू सिंह ने यश दयाल के एक ही ओवर में 5 छक्के लगाकर केकेआर को मैच जिताया था। हालांकि इस बार यश दयाल ने आखिरी ओवर में 17 रन डिफेंड कर आरसीबी को प्लेऑफ में पहुंचा दिया।

चेन्नई सुपर किंग्स के खिलाफ हुए अहम मुकाबले में यश दयाल ने शानदार गेंदबाजी की और अपने 4 ओवर के स्पेल में 42 रन देकर 2 विकेट लिए। उन्हें मैच का सबसे अहम ओवर यानि आखिरी ओवर डालने के लिए दिया गया। इस ओवर में यश दयाल को 17 रन डिफेंड करने थे। अगर सीएसके ये 17 रन बना लेती तो फिर आरसीबी मैच जीतने के बावजूद प्लेऑफ से बाहर हो जाती। उनकी पहली ही गेंद पर एम एस धोनी ने जबरदस्त छक्का लगा दिया और अब 5 गेंद पर सिर्फ 11 रन ही चाहिए थे। हालांकि यश दयाल ने हार नहीं मानी और अगली पांच गेंद एकदम सटीक डालकर आरसीबी को ऐतिहासिक जीत दिला दी।

यश दयाल के पिता को सताया था 5 छक्के लगने का डर

जब यश गेंदबाजी कर रहे थे, तो उनके घर का माहौल कैसा था? इस बारे में एक खुलासा हुआ है। पीटीआई की रिपोर्ट के अनुसार, यश दयाल ने मैच जीतने के बाद अपनी मां को वीडियो कॉल किया था। उन्होंने इस दौरान उनसे पूछा- आप कैसा महसूस कर रही हो? वहीं यश दयाल के पिता चंद्रपाल ने भी घर के माहौल के बारे में बात की। उन्होंने कहा,

जब धोनी ने पहली ही गेंद पर छक्का मारा, तो वो डरावना सपना एक बार फिर दिमाग में घूम गया, लेकिन अंदर से मुझे पता था कि कुछ अच्छा होने जा रहा है। ये उसकी कड़ी मेहनत और लग्न का नतीजा है।

Quick Links

Edited by सावन गुप्ता
App download animated image Get the free App now