MS Dhoni Stumping Video : आईपीएल 2025 का तीसरा मुकाबला चेन्नई सुपर किंग्स और मुंबई इंडियंस के बीच खेला जा रहा है। इस मैच में चेन्नई सुपर किंग्स के पूर्व कप्तान एम एस धोनी का वही पुराना अंदाज देखने को मिला। उन्होंने अपनी जबरदस्त स्टंपिंग से मुंबई इंडियंस के कप्तान सूर्यकुमार यादव को पवेलियन की राह दिखाई। एम एस धोनी ने जितनी फुर्ती के साथ इस स्टंपिंग को अंजाम दिया, उसे देखकर लगा ही नहीं कि वो 43 साल के हो गए हैं और उम्र का कोई भी असर उनके ऊपर है।
एम एस धोनी के पास आज भी है वही फुर्ती
दरअसल पहले बल्लेबाजी करने उतरी मुंबई इंडियंस को महज 36 रन तक ही 3 बड़े झटके लग गए थे। इसके बाद कप्तान सूर्यकुमार यादव ने तिलक वर्मा के साथ मिलकर पारी को संभाला। दोनों बल्लेबाजों के बीच अच्छी साझेदारी हो रही थी। हालांकि एम एस धोनी की स्टंपिंग ने इस साझेदारी का अंत कर दिया। धोनी ने नूर अहमद की गेंद पर गजब की चपलता दिखाते हुए पलक झपकते ही सूर्यकुमार यादव को पवेलियन की राह दिखा दी। आप भी देखिए एम एस धोनी की इस जबरदस्त स्टंपिंग का वीडियो।
एम एस धोनी ने महज 0.12 सेकेंड में किया स्टंपिंग
एम एस धोनी की अगर बात करें तो वो दुनिया भर में अपनी जबरदस्त स्टंपिंग के लिए जाने जाते हैं। जब वो अपने प्राइम में खेला करते थे तो बल्लेबाज उनके विकेट के पीछे रहते आगे बढ़कर शॉट मारने से कतराते थे। अब भी एम एस धोनी का वही पुराना अंदाज जारी है। उन्होंने महज 0.12 सेकेंड में स्टंपिंग करके सूर्यकुमार यादव को पवेलियन की राह दिखा दी। इस उम्र में भी उनकी इस गजब की फुर्ती को देखकर हर कोई हैरान है।
आपको बता दें कि आईपीएल के हर सीजन से पहले एम एस धोनी के संन्यास के कयास लगाए जाते हैं लेकिन वो हर बार अपने संन्यास की खबरों को खारिज कर देते हैं। धोनी ने एक बार फिर अपने रिटायरमेंट को लेकर बड़ी प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने कहा कि जब तक वो चाहेंगे तब तक चेन्नई सुपर किंग्स से खेलते रहेंगे। क्योंकि ये उनकी फ्रेंचाइजी है। धोनी ने ये तक कहा कि अगर वह व्हीलचेयर पर भी हुए तो भी यह फ्रेंचाइजी उन्हें अपने साथ रखेगी।