Faf du Plessis Ruled Out Of DC vs MI Match: आईपीएल 2025 में रविवार को डबल हेडर है और आज का दूसरा मैच दिल्ली कैपिटल्स और मुंबई इंडियंस के बीच है। यह मैच दिल्ली टीम के होम ग्राउंड अरुण जेटली स्टेडियम में है। डीसी के कप्तान अक्षर पटेल ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी का फैसला किया है। ऐसे में मुंबई इंडियंस हमें पहले बल्लेबाजी करती नजर आएगी। हालांकि, मैच के शुरू होने से पहले ही दिल्ली को बड़ा झटका लग गया और उनके प्रमुख ओपनर फाफ डू प्लेसी नहीं खेल रहे हैं। अक्षर ने बताया कि फाफ चोटिल हैं और इसी वजह से आज के मैच के लिए उपलब्ध नहीं हैं।
IPL 2025 में दूसरी बार दिल्ली कैपिटल्स के लिए गेम मिस करेंगे फाफ डू प्लेसी
दक्षिण अफ्रीका के फाफ डू प्लेसी को इस सीजन दिल्ली कैपिटल्स ने अपने साथ शामिल किया है। हालांकि, अभी तक टीम के पांच मैचों में से दो में फाफ खेलते नजर नहीं आए हैं। मुंबई इंडियंस के खिलाफ आज का मैच खेलने से चूकने से पहले, डू प्लेसी चेन्नई सुपर किंग्स के खिलाफ भी फिट ना होने के कारण मैच का हिंसा नहीं बन पाए थे। उनकी जगह समीर रिजवी ने ली थी। हालांकि, एमआई के खिलाफ उनकी जगह कौन लेगा, इसका खुलासा अक्षर पटेल ने नहीं किया। उन्होंने कहा कि हम इम्पैक्ट प्लेयर्स में से देखेंगे कि किसका इस्तेमाल कर सकते सकते हैं। दिल्ली ने इम्पैक्ट प्लेयर्स लिस्ट में दर्शन नलकंडे, करुण नायर, समीर रिजवी, डोनोवन फरेरा और दुष्मंथा चमीरा को शामिल किया है।
आपको बता दें कि पिछली बार जब फाफ डू प्लेसी नहीं खेले थे, तब बतौर ओपनर केएल राहुल ने पारी की शुरुआत की थी। तब उन्होंने बेहतरीन पारी खेली थी और नाबाद 77 रन बनाए थे। राहुल की पारी की बदौलत दिल्ली की टीम 25 रन से जीत दर्ज करने में सफल रही थी। ऐसे में देखना होगा कि क्या राहुल को एक बार फिर से ओपन का मौका मिलेगा या किसी और को आजमाया जाएगा।
IPL 2025 में मुंबई इंडियंस के खिलाफ दिल्ली कैपिटल्स की प्लेइंग 11
जेक फ्रेजर-मैकगर्क, अभिषेक पोरेल, केएल राहुल (विकेट कीपर), ट्रिस्टन स्टब्स, अक्षर पटेल (कप्तान), आशुतोष शर्मा, विप्रज निगम, मिचेल स्टार्क, मोहित शर्मा, कुलदीप यादव, मुकेश कुमार