टीम के कप्तान को हमेशा...इरफान पठान ने एक बार फिर हार्दिक पांड्या पर साधा निशाना

हार्दिक पांड्या को लेकर बड़ा बयान आया सामने (Photo Credit - IPLT20)
हार्दिक पांड्या को लेकर बड़ा बयान आया सामने (Photo Credit - IPLT20)

राजस्थान रॉयल्स के खिलाफ मैच में मुंबई इंडियंस (MI) को मिली हार के बाद पूर्व ऑलराउंडर खिलाड़ी इरफान पठान ने हार्दिक पांड्या (Hardik Pandya) के ऊपर निशाना साधा है। उन्होंने हार्दिक पांड्या की कप्तानी पर सवाल उठाए हैं। इरफान पठान ने कहा कि अगर कप्तान को लोगों का सम्मान हासिल करना है तो फिर उसे टीम के लिए मुश्किल चीजें करनी होंगी।

हार्दिक पांड्या की कप्तानी में मुंबई इंडियंस को लगातार तीसरी हार का सामना करना पड़ा। वानखेड़े स्टेडियम में खेले गए मुकाबले में राजस्थान रॉयल्स ने मुंबई इंडियंस को एकतरफा 6 विकेट से हरा दिया। पहले बल्लेबाजी करते हुए मुंबई इंडियंस की टीम निर्धारित 20 ओवरों में 9 विकेट के नुकसान पर सिर्फ 125 रन ही बना पाई। जवाब में राजस्थान रॉयल्स ने इस टार्गेट को 15.3 ओवर में 4 विकेट खोकर हासिल कर लिया। हार्दिक पांड्या ने अपनी कप्तानी में गुजरात टाइटंस को आईपीएल का टाइटल जिताया था और दूसरी बार फाइनल तक पहुंचाया था। हालांकि मुंबई इंडियंस के लिए वो अभी तक वैसा प्रदर्शन हीं कर पाए हैं।

हार्दिक पांड्या को लेकर इरफान पठान का ट्वीट

मैच के बाद इरफान पठान ने एक ट्वीट किया और नाम लिए बगैर हार्दिक पांड्या के ऊपर निशाना साधा। इरफान पठान ने कहा,

आप हमेशा चाहते हैं कि आपका लीडर मुश्किल चीजों को करे। अगर वो ऐसा नहीं करता है तो फिर टीम का सम्मान उसे हासिल नहीं होगा।

आपको बता दें कि आईपीएल 2024 के आगाज के पहले से ही हार्दिक पांड्या काफी चर्चा में हैं। इसकी मुख्य वजह है इस सीजन में उनका मुंबई इंडियंस की कप्तानी करना। मुंबई इंडियंस और रोहित शर्मा के ज्यादातर फैंस पांड्या को कप्तान बनाने के फैसले से बिल्कुल खुश नहीं हैं। फैंस को ये बात पसंद नहीं आई कि रोहित शर्मा को हटाकर हार्दिक को मुंबई का कप्तान बना दिया गया। इसी वजह से उन्हें हर जगह बू किया जाता है।

Quick Links