MS Dhoni vs Rohit Sharma Captaincy in IPL: 2008 में इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) के आगाज के बाद से हर साल फैंस को इसका इंतजार रहता है। आईपीएल की दो सबसे सफल फ्रेंचाइजी मुंबई इंडियंस और चेन्नई सुपर किंग्स हैं। दोनों ही टीमों ने पांच बार आईपीएल का खिताब अपने नाम किया है। मुंबई इंडियंस को रोहित शर्मा ने अपनी कप्तानी में पांच बार लीग का चैंपियन बनाया तो वहीं दूसरी तरफ महेंद्र सिंह धोनी ने भी पांच बार अपनी अगुवाई में चेन्नई स्थित फ्रेंचाइजी को विजेता बनाया है। इस कारण दोनों कप्तानों के बीच भी अक्सर कांटे की टक्कर रहती है।
आईपीएल 2024 के आगाज से पहले एमएस धोनी और रोहित शर्मा दोनों ने ही अपनी-अपनी कप्तानी छोड़ने का ऐलान किया था। एक तरफ जहां रोहित शर्मा के कप्तानी छोड़ने के बाद मुंबई इंडियंस की कमान हार्दिक पांड्या के हाथों में है तो वहीं धोनी के बाद चेन्नई सुपर किंग्स का नेतृत्व रुतुराज गायकवाड़ कर रहे हैं। कप्तानी छोड़ने के बाद रोहित और धोनी का क्रेज कम होने का नाम नहीं हो रहा है। ऐसे में आइए देखते हैं दुनिया की सबसे बड़ी कैश-रीच लीग आईपीएल में कप्तानी में किसके आंकड़े टॉप पर हैं।
IPL में एमएस धोनी की कप्तानी के आंकड़े
एमएस धोनी ने आईपीएल में कप्तान के रूप में 266 मैचों में टीम की कमान संभाली है। अगर हम 158 मैचों के हिसाब से रोहित के साथ तुलना करें तो एमएस धोनी ने 93 मैचों में जीत और 64 में हार का सामना किया है। एक मैच का कोई परिणाम नहीं निकला। कप्तान के रूप में धोनी का जीत प्रतिशत 59.24 है। 158 मैचों में कप्तान के साथ-साथ बल्लेबाज के रूप में धोनी की जीत औसत 47.95 और स्ट्राइक रेट 153.12 है। धोनी ने आईपीएल के 18 प्लेऑफ मुकाबलों में सीएसके की कमान संभाली है, जिसमें 11 जीत और 7 हार के साथ जीत प्रतिशत 61.11 है।
IPL में रोहित शर्मा की कप्तानी के आंकड़े
दूसरी तरफ अगर रोहित शर्मा की बात करें तो हिटमैन ने 158 मैचों में मुंबई इंडियंस का नेतृत्व किया है। उनकी कप्तानी में एमआई ने 87 मैचों में जीत 67 में हार और 4 का कोई परिणाम नहीं निकला है। रोहित का जीत प्रतिशत 56.49 है। एक बल्लेबाज के रूप में भी एमआई के साथ जीते हुए मैचों में रोहित का औसत 35.27 है और 134.96 का स्ट्राइक रेट है। रोहित ने 15 प्लेऑफ मुकाबलों में मुंबई को लीड किया है, जिसमें से 11 में उन्हें जीत 4 में हार मिली है। इसमें 73.33 उनका जीत प्रतिशत है।
इन आंकड़ों के हिसाब से जवाब एकदम साफ है कि एमएस धोनी की कप्तानी के आंकड़े रोहित शर्मा से कई ज्यादा हैं।