जसप्रीत बुमराह और जोफ्रा आर्चर के एक ही टीम में खेलने को लेकर आई जबरदस्त प्रतिक्रिया

India v England - 1st T20 International
India v England - 1st T20 International

आईपीएल 2022 के मेगा ऑक्शन (IPL 2022 Mega Auction) के दौरान मुंबई इंडियंस (Mumbai Indians) ने जोफ्रा आर्चर (Jofra Archer) को अपनी टीम में शामिल कर लिया और इसको लेकर काफी प्रतिक्रियाएं सामने आ रही हैं। पूर्व ऑलराउंडर खिलाड़ी इरफान पठान ने इसे एक "मास्टर स्ट्रोक" कहा है। उनके मुताबिक आर्चर के आ जाने से अब मुंबई इंडियंस में लसिथ मलिंगा की कमी पूरी हो जाएगी।

आईपीएल ऑक्शन के दूसरे दिन जब जोफ्रा आर्चर का नाम आया तो राजस्थान रॉयल्स और मुंबई इंडियंस ने सबसे पहले बोली लगाई। मुंबई इंडियंस और राजस्थान रॉयल्स के बीच चली खींचतान के बीच हैदराबाद ने भी बोली लगाई लेकिन मुंबई ने उनको खरीदने का मन बनाया हुआ था। राजस्थान रॉयल्स अपने पुराने प्लेयर को वापस लाना चाहती थी लेकिन उनके पास उतने पैसे ही नहीं बचे थे, जबकि मुंबई इंडियंस के पास काफी पैसे बचे हुए थे और उसका सही समय पर उन्होंने इस्तेमाल किया और आर्चर को खरीदकर एक बड़ा दांव खेला।

हालांकि चोट की वजह से जोफ्रा आर्चर उपलब्ध नहीं है लेकिन अगले साल की योजनाओं को देखते हुए मुंबई इंडियंस ने इंग्लैंड के इस खिलाड़ी को अपनी टीम में शामिल किया है। तब हमें बुमराह और आर्चर की जोड़ी एक साथ मैदान में देखने को मिल सकती है।

जोफ्रा आर्चर को लेकर इरफान पठान की प्रतिक्रिया

आर्चर के खरीदे जाने को लेकर इरफान पठान ने बड़ी प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने स्टार स्पोर्ट्स पर बातचीत के दौरान कहा,

मुंबई इंडियंस की टीम जोफ्रा आर्चर के नाम का इंतजार कर रही थी। ये एक मास्टर स्ट्रोक है। आर्चर को लेकर मुंबई इंडियंस के मन में बिल्कुल भी संदेह नहीं था। अगर आर्चर एक साल नहीं खेलते हैं तब भी दिक्कत नहीं है। अगली बार बुमराह और आर्चर एक साथ गेंदबाजी करते हुए नजर आएंगे। ये उसी तरह होगा जैसे लसिथ मलिंगा और जसप्रीत बुमराह एक साथ गेंदबाजी कर रहे हों।

Quick Links