IPL 2024 से बाहर हुआ मुंबई इंडियस का बल्लेबाज, युवा विकेटकीपर को मिली जगह

Photo Courtesy : BCCI
Photo Courtesy : BCCI

इंडियन प्रीमियर लीग (IPL 2024) में आज मुंबई इंडियंस (Mumbai Indians) का सामना रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) के साथ वानखेड़े स्टेडियम में होना है। इस अहम मुकाबले से पहले मेजबान टीम को बड़ा झटका लगा है। टीम के विकेटकीपर बल्लेबाज विष्णु विनोद (Vishnu Vinod) चोट के चलते आईपीएल 2024 के बाकी मैचों से बाहर हो गए हैं। विष्णु विनोद के स्थान पर मुंबई में सौराष्ट्र के युवा भारतीय विकेटकीपर बल्लेबाज हार्विक देसाई (Harvik Desai) को जगह मिली है।

आईपीएल ने अपनी वेबसाइट पर एक मीडिया एडवाइजरी जारी की जिसमें उन्होंने लिखा कि, 'विकेटकीपर बल्लेबाज विष्णु विनोद अपनी हाथ की चोट के कारण आईपीएल 2024 के शेष भाग से बाहर हो गए हैं। मुंबई इंडियंस ने रिप्लेसमेंट के तौर पर सौराष्ट्र के विकेटकीपर बल्लेबाज हार्विक देसाई को टीम के साथ जोड़ लिया है। 24 वर्षीय हार्विक देसाई के नाम खेल के तीनों फॉर्मेट में शतक है और वह 2018 में विश्व कप जीतने वाली भारत की अंडर 19 टीम के सदस्य भी रह चुके हैं।'

बता दें कि विष्णु विनोद ने अपने आईपीएल करियर में अभी तक 6 मुकाबले खेले हैं। साल 2017 में वह रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु का हिस्सा थे, तो पिछले साल उन्होंने 3 मुकाबले मुंबई इंडियंस के लिए खेले लेकिन चोट के चलते वह अब बाकी बचे टूर्नामेंट का हिस्सा नहीं रह पाएंगे। उनके स्थान पर शामिल हुए हार्विक देसाई ने अभी तक आईपीएल में एक भी मुकाबला नहीं खेला है लेकिन हार्विक ने घरेलू स्तर पर अपनी टीम के लिए बेहतरीन प्रदर्शन किया है। हार्विक देसाई ने 27 टी20 मुकाबलों में 30.04 के औसत से 691 रन बनाये हैं, जिसमें एक शानदार शतक भी शामिल रहा है।

हार्विक देसाई 2018 में भारत की अंडर 19 टीम का भी हिस्सा थे, जहाँ पृथ्वी शॉ की कप्तानी में टीम ने खिताब जीता था। ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ हुए फाइनल मुकाबले में विनिंग शॉट हार्विक देसाई के बल्ले से ही निकला था।

Quick Links

App download animated image Get the free App now