आईपीएल 2013 में सबसे ज्यादा छक्के लगाने वाले 5 बल्लेबाज, चैंपियन टीम के भी दो खिलाड़ी शामिल

रोहित शर्मा
रोहित शर्मा

साल 2013 में खेला गया इंडियन प्रीमियर लीग का सीजन कई मायनों में सबसे ज्यादा खास रहा। क्योंकि इसी साल भारतीय टीम के सलामी बल्लेबाज रोहित शर्मा का एक सफल कप्तान के रूप में उदय हुआ। यही नहीं इसी टीम के जरिए ही बाद के सीजनों में बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए भारतीय टीम को हार्दिक पांड्या और जसप्रीत बुमराह जैसे दिग्गज खिलाड़ी भी मिले।

साल 2013 में मुंबई इंडियंस ने अपना पहला आईपीएल खिताब जीता था और उस दौरान इस टीम के कप्तान थे रोहित शर्मा। हालांकि शुरुआत में टीम की कप्तानी रिकी पोंटिंग के पास थी लेकिन बीच सीजन में कप्तानी रोहित शर्मा को सौंप दी गई और उन्होंने टीम को चैंपियन बनाया। बात करें रोहित शर्मा कीतो एक बल्लेबाज और एक बेहतरीन फील्डर के रूप में तो उनकी पहचान है ही, इसके अलावा अब वह एक बेहतरीन कप्तान के रूप में भी जाने जाते हैं।

यह भी पढ़ें : IPL 2010 में सबसे ज्यादा छक्के लगाने वाले पांच बल्लेबाज, लिस्ट में केवल भारतीय खिलाड़ी

आईपीएल 2013 में मुंबई इंडियंस की ओर से कई खिलाड़ियों ने बेहतरीन प्रदर्शन किया था और साथ ही प्लेऑफ में पहुंचने वाली चेन्नई सुपर किंग्स और राजस्थान रॉयल्स के खिलाड़ियों ने भी लाजवाब प्रदर्शन किया था। जबकि अन्य टीमों में भी कुछ ऐसे खिलाड़ी रहे थे, जिन्होंने उस सीजन में अपनी टीम की ओर से सबसे ज्यादा रन, सबसे ज्यादा छक्के और चौके मारने का रिकॉर्ड बनाया था।

हालांकि आज हम आईपीएल 2013 में शामिल पांच ऐसे बल्लेबाजों के बारे में बात करेंगे, जिन्होंने उस सीजन में सबसे ज्यादा छक्के मारे थे।

ये हैं वो 5 बल्लेबाज:-

#5 डेविड मिलर

डेविड मिलर
डेविड मिलर

आईपीएल 2013 के सीजन में किंग्स इलेवन पंजाब की ओर से खेलने वाले डेविड मिलर ने बेहतरीन प्रदर्शन किया था और उन्होंने उस सीजन में अपनी टीम की ओर से महज 12 मैचों में 164 से ज्यादा के स्ट्राइक रेट से कुल 418 रन बनाए थे। उनके इन रनों में एक बेहतरीन शतक और 3 अर्धशतक भी शामिल हैं। इसके अलावा मिलर ने उस सीजन में 24 छक्के भी लगाए थे और वह उस सीजन में पांचवे सबसे ज्यादा छक्के लगाने वाले बल्लेबाज रहे थे।

#4 महेंद्र सिंह धोनी

चेन्नई सुपर किंग्स के कप्तान महेंद्र सिंह धोनी
चेन्नई सुपर किंग्स के कप्तान महेंद्र सिंह धोनी

आईपीएल 2013 में सबसे ज्यादा छक्के मारने के मामले में चौथा नंबर है चेन्नई सुपर किंग्स के कप्तान महेंद्र सिंह धोनी का। इस खिलाड़ी ने उस सीजन में बेहतरीन प्रदर्शन कर ना केवल अपनी टीम को फाइनल में पहुंचाया, बल्कि शानदार बल्लेबाजी भी की और आईपीएल 2013 के दौरान धोनी ने 18 मैचों की 16 पारियों में 162.89 के स्ट्राइक रेट से कुल 461 रन बनाए थे। जिसमें धोनी की ओर से लगाए गए 25 बेहतरीन छक्के भी शामिल थे।

#3 रोहित शर्मा

रोहित शर्मा
रोहित शर्मा

आईपीएल 2013 में मुंबई इंडियंस को उस साल का खिताब जिताने वाले कप्तान रोहित शर्मा ने बेहतरीन बल्लेबाजी भी की थी। रोहित शर्मा ने उस सीजन में अपनी टीम के लिए 19 मैचों में 131 से ज्यादा के स्ट्राइक रेट से कुल 538 रन बनाए थे और उनके इन रनों में 28 छक्के भी शामिल थे। रोहित शर्मा उस सीजन में अपनी टीम की ओर से दूसरे और उस सीजन में तीसरे सबसे ज्यादा छक्के लगाने वाले बल्लेबाज रहे थे।

#2 किरोन पोलार्ड

किरोन पोलार्ड
किरोन पोलार्ड

इंडियन प्रीमियर लीग के 2013 में खेले गए सीजन में सबसे ज्यादा छक्के लगाने वाले बल्लेबाजों की लिस्ट में दूसरा नाम है किरोन पोलार्ड का। इस खिलाड़ी ने मुंबई इंडियंस को चार बार चैंपियन बनाने में अहम भूमिका निभाई है और साल 2013 में टीम को उसका पहला खिताब जीतने के दौरान भी पोलार्ड ने बेहतरीन प्रदर्शन किया था। पोलार्ड ने आईपीएल 2013 में 18 मैचों में 149.46 के स्ट्राइक रेट से कुल 420 रन बनाए थे, उनके इन रनों में 29 छक्के भी शामिल थे।

#1 क्रिस गेल

क्रिस गेल
क्रिस गेल

भले ही आईपीएल 2013 का खिताब मुंबई इंडियंस ने जीता हो लेकिन उस सीजन में सबसे ज्यादा सुर्खियां रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर की ओर से खेलने वाले बल्लेबाज क्रिस गेल ने बटोरी थीं। गेल ने ना केवल उस सीजन में सबसे तेज शतक बनाने का रिकॉर्ड बनाया, बल्कि आईपीएल की सबसे बड़ी पारी और सबसे ज्यादा छक्के लगाने का रिकॉर्ड भी बनाया। क्रिस गेल ने उस सीजन में पुणे वारियर्स के खिलाफ 175 रनों की बेहतरीन नाबाद पारी खेली थी। इसके अलावा उन्होंने उस सीजन में 51 छक्कों की मदद से कुल 708 रन बनाए थे।

Quick Links

Edited by सावन गुप्ता
App download animated image Get the free App now