Most Sixes against CSK: चेन्नई सुपर किंग्स (CSK) एक ऐसी फ्रेंचाइजी है जिसने इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) के इतिहास में काफी सफलता हासिल की है। CSK ने पांच बार लीग टाइटल अपने नाम किया है जो किसी एक टीम द्वारा संयुक्त रूप से जीते गए सबसे अधिक टाइटल हैं। इसके साथ ही CSK के नाम सबसे अधिक बार प्लेऑफ में जगह बनाने का रिकॉर्ड भी है। इस टीम के खिलाफ अच्छा प्रदर्शन करना किसी भी खिलाड़ी के लिए बड़ी बात होती है। हालांकि, इस टीम के खिलाफ निरंतरता के साथ अच्छा प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ी काफी कम रहे हैं। इसी कड़ी में एक नजर डालते हैं उन तीन खिलाड़ियों पर जिन्होंने CSK के खिलाफ सबसे अधिक छक्के लगाए हैं।
#3 रोहित शर्मा (32)
मुंबई इंडियंस के पूर्व कप्तान रोहित शर्मा ने CSK के खिलाफ अब तक खेले 34 मैचों में लगभग 30 की औसत के साथ 896 रन बना दिए हैं। वह इस टीम के खिलाफ तीसरे सबसे अधिक रन बनाने वाले बल्लेबाज हैं। रोहित ने CSK के खिलाफ अब तक 32 छक्के लगा दिए हैं और इस टीम के खिलाफ तीसरे सबसे अधिक छक्के लगाने वाले बल्लेबाज भी हैं। रोहित अब भी इस लीग का हिस्सा हैं तो उनके इस आंकड़े में बदलाव होने की पूरी उम्मीद है।
#2 विराट कोहली (42)
CSK के खिलाफ सबसे अधिक रन बनाने वाला बल्लेबाज बनने से केवल पांच रन दूर कोहली ने CSK के खिलाफ काफी शानदार प्रदर्शन किया है। इस टीम के खिलाफ कोहली सीजन दर सीजन लगातार अच्छा खेल दिखाते आए हैं। कोहली ने अब तक इस टीम के खिलाफ 42 छक्के लगा दिए हैं।
CSK के खिलाफ नाबाद 90 का सर्वोच्च स्कोर रखने वाले कोहली ने अब तक नौ अर्धशतक लगाए हैं। कोहली इस टीम के खिलाफ सबसे अधिक अर्धशतक लगाने वाले बल्लेबाज हैं।
#1 किरोन पोलार्ड (44)
मुंबई इंडियंस के पूर्व बल्लेबाज किरोन पोलार्ड ने CSK के खिलाफ केवल 583 रन ही बनाए हैं, लेकिन इस टीम के खिलाफ उन्होंने कुछ शानदार पारियां खेली हैं। पोलार्ड इस टीम के लिए कितना बड़ा खतरा थे, इसका अंदाजा इसी बात से लगता है कि धोनी उनके लिए अलग रणनीति बनाकर रखते थे। पोलार्ड ने CSK के खिलाफ 44 छक्के लगाए हैं। पोलार्ड ने CSK के खिलाफ अपने रन लगभग 172 की स्ट्राइक रेट से बनाए हैं। जिन भी बल्लेबाजों ने CSK के खिलाफ 500 या उससे अधिक रन बनाए हैं उनमें पोलार्ड की स्ट्राइक रेट सबसे अधिक रही है।