FIFA U-17 World Cup: घाना ने भारत को 4-0 से हराया

फीफा अंडर 17 विश्वकप में दिल्ली के जवाहर लाल नेहरु स्टेडियम पर खेले गए मुकाबले में घाना ने भारत को 4-0 के बड़े अंतर से हरा दिया। भारत की यह लगातर तीसरी पराजय है तथा ग्रुप स्तरीय अंतिम मैच उन्होंने खेला। इसके साथ ही उनका इस विश्वकप में अभियान समाप्त हो गया।

मैच के पहले हाफ में शुरूआती मिनट से ही भारतीय टीम ने आक्रामक खेल का प्रदर्शन किया और पहले मिनट में फ्री किक प्राप्त की लेकिन उसे गोल में तब्दील कर पाने में सफल नहीं रहे। इसके बाद रक्षा पंक्ति ने शानदार खेल दिखाया और गोलकीपर धीरज ने घाना के प्रयास को चौथे मिनट में विफल कर दिया। एक बार फिर 20वें मिनट में धीरज ने निश्चित गोल को रोककर घाना को बढ़त लेने से रोक दिया। 35वें मिनट में घाना ने फ्री किक गंवाई। इसके बाद 43वें मिनट में भारतीय रक्षा पंक्ति और गोलकीपर को छकाने में मेहमान टीम कामयाब रही और एरिक यियाह ने पहला गोल कर स्कोर 1-0 कर दिया। पहले हाफ तक वे इसे बरक़रार रखने में कामयाब रहे।

दूसरा हाफ शुरू होने पर मेहमान टीम ने अधिक तेजी से हमला करना शुरू कर दिया और सफलता भी काफी जल्दी मिल गई। 52वें मिनट में एरिक ने एक बार फिर मौके का फायदा उठाते हुए भारतीय रक्षा पंक्ति और गोलकीपर को भेदते हुए गेंद को बॉक्स में पहुंचा दिया और टीम घाना को 2-0 से आगे कर दिया। 86वें मिनट में कुदुस मोहम्मद ने भी गोल कर दिया और बढ़त 3-0 पर पहुंचा दी तथा भारत की वापसी करने की सभी उम्मीदों को तगड़ा झटका दिया। इसके बाद अगले ही मिनट में एमानुएल टोकू ने भी गोल दागा और मुकाबले को अपनी टीम के लिए बेहद आसान बना दिया।

जवाहर लाल नेहरु स्टेडियम, दिल्ली में ग्रुप 'बी' की माली और न्यूजीलैंड के बीच हुए मैच में माली ने बाजी मारते हुए 3-1 से विजय प्राप्त की। नवी मुंबई के डी वाई पाटिल स्टेडियम में ग्रुप 'बी' के एक अन्य मैच में पराग्वे ने तुर्की को 3-1 से शिकस्त दी। इसके अलावा ग्रुप 'ए' के एक मैच में कोलंबिया ने अमेरिका को 3-1 से हराया। यह मुकाबला भी नवी मुंबई के डी वाई पाटिल स्टेडियम पर खेला गया।