वर्ल्ड कप 2018 : इंजरी टाइम में गोल कर ब्राजील ने कोस्टारिका को 2-0 से हराया

इंजरी टाइम में नेमार और फिलिप कौटिन्हो के दागे गए गोल की मदद से ब्राजील ने कोस्टारिका को 2-0 से हराया। इसके साथ ही पांच बार की पूर्व चैंपियन टीम ने प्री-क्वार्टर फाइनल में अपनी जगह लगभग पक्की कर ली है। पहला गोल कौटिन्हो ने 90+1 में दागा। मैच समाप्त होने के चंद सेकेंड पहले स्टार खिलाड़ी नेमार ने गोल कर टीम की जीत पक्की कर दी। मुकाबले में ब्राजील शुरू से ही आक्रामक दिखा। उसने पहले हाफ में गोल के कई शानदार मौके बनाए लेकिन कामयाबी नहीं मिली। दोनों टीमों ने पहला हाफ गोलरहित खेला। इस दौरान कोस्टारिका के डिफेंस की भी सराहना करनी होगी जिसने ब्राजील को रोके रखा। दूसरे हाफ में ब्राजील ने फिर से वही आक्रामक रवैया अपनाया। उसके सभी खिलाड़ी पूरी ताकत के साथ गोल दागने में जुट गए। इस दौरान नेमार को गोल दागने के दो बेहतरीन मौके मिले लेकिन वो उसे गोल में बदलने में नाकाम रहे। मैच के 70वें तक ब्राजील के खिलाड़ी गोल नहीं दाग पाने के कारण काफी परेशान दिख रहे थे। ब्राजील के लिए आज के हीरो रहे नेमार और कौटिन्हो को रेफरी ने पीला कार्ड भी दिखाया। 90 मिनट का खेल समाप्त होने के बाद भी दोनों टीमें गोल नहीं कर पाई थीं। अब तक दर्शकों को भी ये लगने लगा था कि शायद यह मैच ड्रॉ होगा। हालांकि इंजरी टाइम में ब्राजील के कौटिन्हो ने शानदार गोल कर टीम को 1-0 से बढ़त दिला दी। यह गोल कोस्टारिका के लिए किसी सदमे से कम नहीं था। मैच समाप्त होने के कुछ सेकेंड पहले नेमार ने एक और गोल दागकर टीम की जीत पक्की कर दी। नेमार ने इस विश्व कप का अपना पहला गोल दागा। मैच के बाद नेमार टीम की जीत और अपने गोल से इतने भावुक हो गए कि फूट-फूटकर रोने लगे। नाइजीरिया ने आइसलैंड को 2-0 से हराया, अर्जेंटीना की उम्मीदें बरकरार ग्रुप डी के मुकाबले में नाइजीरिया ने आइसलैंड को 2-0 से हराकर टूनार्मेंट में अपनी पहली जीत दर्ज की। इस जीत से जहां नाइजीरिया को तीन अंक मिले वहीं अर्जेंटीना की टीम के नॉकआउट में पहुंचने की उम्मीदें बरकरार हैं। नाइजीरिया की इस जीत के नायक उसके स्टार स्ट्राइकर अहमद मूसा रहे जिन्होंने दूसरे हाफ में दो गोल करके अपनी टीम को शानदार जीत दिलाई। पहले हाफ में आइसलैंड ने तेज शुरूआत की। मैच के तीसरे मिनट में ही उसे गोल करने का बेहतरीन मौका प्राप्त हुआ लेकिन उसके गेफली इसमें कामयाब नहीं हो सके। तीन मिनट बाद फिर से आइसलैंड ने मौका बनाया जिसे नाइजीरिया के गोलकीपर ने विफल किया। जहां इस हाफ के दौरान नाइजीरिया के खिलाड़ियों ने गेंद पर कब्जा बनाए रखा वहीं आक्रमण के मामले में आइसलैंड की टीम आगे रही। मैच के 36वें मिनट में आइसलैंड के स्ट्राइकर बोडवार्सन और बजारनासोन ने बेहतरीन तालमेल के साथ गोल का मौका बनाया लेकिन गेंद को विपक्षी के गोल पोस्ट तक पहुंचाने में नाकाम रहे। हाफ टाइम तक दोनों टीमें कोई गोल नहीं कर सकीं। दूसरे हाफ में नाइजीरिया के मूसा ने कमाल का खेल दिखाया। 49वें मिनट में मोसेसे से मिले क्रॉस को मूसा ने आइसलैंड के गोलकीपर हालडोर्सन को छकाते हुए गोल पोस्ट तक पहुंचाया और टीम को 1-0 की बढ़त दिला दी। 74वें मिनट में मूसा का शॉट गोल पोस्ट से टकराकर वापस आ गया था लेकिन 75वें मिनट में उन्होंने एक और गोल कर टीम की बढ़त दोगुनी कर दी। हालांकि 80वें मिनट में आइसलैंड के लिए वापसी का एक मौका बना लेकिन पेनल्टी पर लगाया गया गेफली का शॉट गोल पोस्ट के ऊपर से निकल गया। स्विट्जरलैंड ने सर्बिया को 2-1 से हराया ग्रुप ई के रोमांचक मुकाबले में जेदरान शकिरी के 90वें मिनट में दागे गए गोल की बदौलत स्विट्जरलैंड ने सर्बिया को 2-1 से हरा दिया। मैच के पांचवें मिनट में ही सर्बिया के एलेक्सजेंडर मित्रविच ने हेडर के सहारे गोल कर टीम को 1-0 की बढ़त दिला दी। 52वें मिनट में ग्रेनिट जाका ने स्विट्जरलैंड के लिए बराबरी का गोल दागा। मैच के 90वें मिनट में शकिरि ने निर्णायक गोल दागकर टीम को जीत दिला दी। कैलिनिनग्राद स्टेडियम में खेले गए इस मुकाबले में शकिरी ने अपने हाफ में सर्बिया के एक खिलाड़ी के पास को लपका और गेंद को लेकर आगे बढ़ गए। सर्बियाई गोलकीपर व्लादिमीर स्तोकोविच को छकाते हुए उन्होंने गेंद को गोल पोस्ट में पहुंचा दिया। इससे पहले एलेक्सजेंडर मित्रविच ने सर्बिया को उम्दा शुरूआत दिलाई। उन्होंने खेल शुरू होने के तुरंत बाद पांचवें मिनट में ही अपनी टीम को बढ़त दिला दी। दुसाक टैडिक के पास को उन्होंने हेडर के सहारे स्विस गोलकीपर यान समर को छकाते हुए गोल किया। पहले हाफ में सर्बियाई खिलाड़ियों का दबदबा रहा लेकिन मैच के दूसरे हाफ में स्विस टीम ने बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए वापसी की। ग्रैनिट जाका ने पेनल्टी बॉक्स के बाहर रिबाउंड पर गेंद पर नियंत्रण कर उसे गोल में बदल दिया। उन्होंने यह गोल 52वें मिनट में दागा। स्विट्जरलैंड की जीत के बाद उसके ग्रुप के पत्ते खुल गए हैं। ब्राजील और स्विट्जरलैंड के चार-चार अंक हैं वहीं सर्बिया के तीन। हालांकि स्विट्जरलैंड का आखिरी मुकाबला कोस्टरिका से है जो पहले ही अगले राउंड से बाहर हो गया है।

Edited by Staff Editor