फुटसाल अंडर-17 विश्व कप में भारत को वाइल्ड कार्ड प्रवेश

IANS

मुंबई, 8 जुलाई (आईएएनएस)। भारत पहली बार अंडर-17 फुटसाल विश्व कप में खेलता नजर आएगा। खेल की नियामक संस्था एएमएफ ने पैराग्वे में होने वाले विश्व कप में भारत को वाइल्ड कार्ड प्रवेश के लिए आमंत्रित किया है। पैराग्वे में 11 से 20 जुलाई के बीच होने वाले अंडर-17 फुटसाल विश्व कप में हिस्सा लेने वाले 12 देशों में से भारत भी एक होगा। भारत को जोन-ए में रखा गया है जिसमें मेजबान देश के अलावा काटालोनिया, कजाकिस्तान शामिल होंगे। जोन-बी में कोलंबिया, बेल्जियम, ब्राजील, आस्ट्रेलिया होंगे। जोन-सी में अर्जेटीना, उरुग्वे, मोरक्को और कुराजो को रखा गया है। भारतीय टीम का चयन हरियाणा में 14 से 16 जून तक हुई राष्ट्रीय प्रतियोगिता के आधार पर किया गया है। चयनित खिलाड़ियों का मुंबई में शिविर लगाया जाएगा। यह शिविर 26 जून से पांच जुलाई तक चलेगा। इस शिविर से पांच खिलाड़ियों का चयन किया जाएगा जो अंडर-17 विश्व कप में भारत का प्रतनिधित्व करेंगे। चेन्नई के भारत राज पैराग्वे में देश का नेतृत्व करेंगे। भारत अपना पहला मैच काटालोनिया के खिलाफ 12 जुलाई को खेलेगा। 13 जुलाई को वह पैराग्वे से भिड़ेगा। 14 जुलाई को अंतिम ग्रुप मैच में वह कजाकिस्तान के खिलाफ खेलेगा। भारतीय फुटसाल संघ के अध्यक्ष नामदेव शिरगांवकर ने कहा, "फुटसाल भारत में नया खेल है। अंडर-17 विश्व कप में अपनी टीम भेजना भारत में इस खेल को बढ़ावा देने के लिए अच्छा मौका है।" उन्होंने कहा, "हमने राष्ट्रीय शिविर से भारत के 15 सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ियों को चुना है। हमें उम्मीद है कि वह विश्व कप में अच्छा प्रदर्शन करेंगे।" --आईएएनएस