ISL 2018-19 : चेन्नइयन ने एफसी पुणे सिटी को 4-2 से हराया

Enter caption
Enter caption

इंडियन सुपर लीग के पांचवें सीजन में मौजूदा चैंपियन चेन्नइयन एफसी ने पहली जीत दर्ज की। उसने मेजबान एफसी पुणे सिटी को उसके घरेलू मैदान पर 4-2 से करारी शिकस्त दी। चन्नइयन की टीम पांच मैचों में हार के बाद पहली जीत दर्ज करनेे में कामयाब रही।

इस मुकाबले में पुणे ने नौवें मिनट में ही आशिक कुरुनियन के गोल के दम पर बढ़त हासिल कर ली। उसने उसे 53वें मिनट तक उसे कायम भी रखा। लेकिन इसके बाद 54वें मिनट में मेल्सन आल्वेस ने चेन्नई का खाता खोला। इसके बाद अगले 20 मिनट में तो जैसे गोल की बरसात हो गई। इस दौरान चार गोल दागे गए। ग्रेगोरी नेल्सन ने 56वें, इनिगो काल्डेरॉन ने 69वें और थोई सिंह ने 72वेंं मिनट में गोल दागा। पुणे के लिए दूसरा गोल इंजुरी टाइम में जोनाथन विला ने किया।

मेजबान मे मैच की शुरुआत धमाकेदार तरीके से की। आशिक ने मैच के 9वें मिनट में ही गोल दागकर टीम को बढ़त दिला दी। आशिक ने यह गोल रॉबिन सिंह की मदद से दागा। पहला गोल होने के बाद दोनों टीम के खिलाड़ी कुछ ज्यादा आक्रमक हो गए। इसी का नतीजा हुआ कि आल्वेस को पीला कार्ड दिखाया गया। मैच के 23वें मिनट में पुणे के लालचाउआनमाविया फानाई को पीला कार्ड दिखाया गया।

एक गोल से पिछड़ने के बाद चेन्नई के खिलाड़ी लगातार गोल दागने का प्रयास कर रहे थे। हालांकि पुणे के डिफेंडरों ने शानदार खेल दिखाते हुए उनके हर प्रयास को नाकाम किया। मैच के 30वें मिनट में काल्डोरॉन ने अच्छा मौका बनाया और गोल करने के काफी करीब पहुंच गए थे। हालांकि इस बार सार्थक गोलुई ने उनके शॉट को नाकाम किया। पहले हाफ के अंतिम मिनट में पुणे ने एक मौका बनाया लेकिन गोल नहीं हो सका।

दूसरे हाफ की शुरुआत में ही रॉबिन सिंह को पीला कार्ड दिखाया गया। चेन्नई अब भी आक्रमक दिख रहा था और अपने हमले उसने जारी रखे। उसे इसका फायदा मैच के 54वें मिनट में मिला जब आल्वेस ने अनिरुद्ध थापा की मदद से गोल करते हुए स्कोर 1-1 से बराबर कर दिया। मेलसन ने दो मिनट बाद ही नेल्सन के लिए गोल करने का एक बेहतरीन मौका बनाया। इसे सफल बनाते हुए नेल्सन ने चेन्नई को 2-1 से आगे कर दिया। अभी मैच में और रोमांच बाकी था।

मार्सेलिनियो ने अपनी टीम को बराबरी दिलाने के प्रयास में 61वें मिनट में बाएं फ्लैंक से क्रास के माध्यम से हमला बोला लेकिन मेलसन ने इसे नाकाम कर दिया। चेन्नई ने मैच के 69वें मिनट में गोल करते हुए पुणे के लिए मैच में वापसी के सारे रास्ते बंद कर दिए। चेन्नई के लिए यह गोल इनिगो काल्डोरॉन ने किया। उसने कॉर्नर पर एक्रोबेटिक लेफ्टफुटेड ओवरहेड किक पर यह गोल किया। अभी पुणे इस गोल से उबर भी नहीं पाया कि थोई सिंह ने जीत पक्की करते हुए चेन्नई के लिए चौथा गोल दाग दिया। थोई ने जेजे का प्रयास असफल होने के बाद रीबाउंड हुई गेंद को पोस्ट में भेजकर अपनी टीम को 4-1 से आगे कर दिया।

इंजुी टाइम में विला ने मार्सेलिनियो की मदद से हेडर के सहारे पुणे के लिए दूसरा गोल दागा। हालांकि उनके इस गोल की मदद से टीम पर कोई फर्क नहीं पड़ा। इंजुरी टाइम के अंतिम मिनट में मार्सेलिनियो को लाल कार्ड दिखाया गया और इसका असर पुणे के खेल पर जरूर पड़ेगा।

Quick Links

Edited by संदीप भूषण
Be the first one to comment