मुंबई सिटी ने दिल्ली को घर में 4-2 से दी मात

Enter caption
Enter caption

आईएसएल के पांचवें सीजन में दस मुकाबलों के बाद भी दिल्ली डायनामोज की जीत का खाता नहीं खुल सका है। अंक तालिका में सबसे नीचले पायदान चल रही दिल्ली की टीम को जवाहरलाल नेहरू स्टेडियम में मुंबई सिटी एफसी के हाथों 2-4 की हार झेलनी पड़ी। मुंबई की यह पांचवीं जीत है। उसके नौ मैचों में 17 अंक हैं और वह तालिका में चौथे स्थान पर है।

दिल्ली ने मैच के तीसरे मिनट में ही मुंबई के शौवीक चक्रबर्ती के द्वारा किए गए आत्मघाती गोल से बढ़त बना ली। इस गोल में एड्रिया कोर्मोना, मार्कोस तेबार और लालियानजुआला चांग्ते की अहम भूमिका रही। चक्रबर्ती ने गोल बचाने की कोशिश में गेंद अपने पोस्ट में डाल दी।

दिल्ली की टीम ने छठे मिनट में गोल का अच्छा मौका बनाया लेकिन गोल नहीं कर सके। 12वें मिनट में मुंबई के एर्नाल्ड इसोको को पीला कार्ड दिखाया गया। इसके बाद 17वें और 20वें मिनट में दिल्ली ने अच्छे मूव बनाए लेकिन अब भी गोल नहीं हो सका। मुंबई के 23वें मिनट में रफाएल बास्तोस ने अच्छा प्रयास किया हालांकि वे नाकाम रहे। 29वें मिनट में दिल्ली के लिए चांग्ते और कार्मोना ने एक और मौका बनाया लेकिन कोर्मोना गेंद को सही दिशा नहीं दे सके।

सेहनाज सिंह और इसोको ने 36वें मिनट में मुंबई को बराबरी दिलाने की कोशिश की लेकिन इसोको का शॉट पोस्ट के काफी नजदीक से बाहर चला गया। 41वें मिनट में मुंबई ने पहला बदलाव किया। मिलन सिंह को बाहर कर रेनियर फर्नांडिस को मैदान पर बुलाया गया।

दूसरे हाफ में मुंबई ने 47वें मिनट में दमदार हमला किया। मुंबई ने दूसरे हमले के लिए ज्यादा इंतजार नहीं किया। 48वें मिनट में बॉक्स में प्रीतम कोटाल ने हैंडबॉल किया और रेफरी ने मुंबई को पेनल्टी दे दिया। इस पेनल्टी पर 49वें मिनट में गोल कर बास्तोस ने मुंबई को 1-1 की बराबरी दिला दी।

चांग्ते के पास 51वें मिनट में दिल्ली को गोल दिलाने का एक और मौका मिला लेकिन वे चूक गए। 52वें मिनट में मुंबई के सेहनाज को पीला कार्ड दिखाया गया। 55वें मिनट में मुंबई के ही लाउरेंसो को भी पीला कार्ड दिखाया गया। 61वें मिनट में मार्टी क्रिस्पी के आत्मघाती गोल ने दिल्ली को 1-2 से पीछे कर दिया। दिल्ली ने हार नहीं मानी औऱ 64वें मिनट में गोल करते हुए स्कोर 2-2 से बराबर कर दिया। यह गोल गियानी जुईवेलून ने किया। मुंबई ने 69वें मिनट में गोल करते हुए बढ़त बना ली। रेनियर ने पाउलो माचादो की मदद से यह गोल किया।

मुंबई कप्तान को लगातार हमले करते रहने का फायदा 80वें मिनट में मिला। उन्होंने इसोको की मदद से गोल करते हुए मुंबई को 4-2 से आगे कर दिया। यहीं से दिल्ली की हार तय हो गई।

Quick Links