ISL 2018-19 : एफसी गोवा ने पुणे को 4-2 से दी शिकस्त

Enter caption
Enter caption

जवाहरलाल नेहरू स्टेडियम में खेले गए हीरो इंडियन सुपर लीग के एक शानदार मुकाबले में फेरान कोरोमिनास के दो गोल की मदद से एफसी गोवा ने रविवार को एफसी पुणे सिटी को 4-2 से हराया। इस जीत के साथ ही गोवा ने लगातार तीसरी जीत दर्ज की। पुणे की यह लगातार तीसरी हार है। गोवा शानदार प्रर्दशन की बदौलत अंक तालिका में शीर्ष पर पहुंच गया है। पुणे तालिका में अंतिम पायदान पर है।

कोरोमिनास ने गोवा के लिए मैच के 5वें मिनट और 35वें मिनट में गोल दागी। वहीं हुगो बोउमोस ने 12वें और जैकीचंद सिंह ने 20वें मिनट में गोल कर टीम की जीत सुनिश्चत की। मैच के सभी गोल पहले हाफ में ही दर्ज हुए। पुणे के लिए मार्सेलिन्हो ने 8वें और एमिलियानों एल्फारो ने 23वें मिनट में गोल दागा।

मैच के शुरुआत से ही गोवा की टीम आक्रमक लग रही थी। पिछले मैचों में 10 गोल करने वाली टीम ने पांचवें मिनट में ही गोल कर मैच में अपनी बढ़त दर्ज करा दी। यह गोल कोरोमिनास ने किया। उन्होंने 5वें मिनट में ही अहमद जाहो की मदद से गोल दागा और टीम को 1-0 से आगे कर दिया। पुणे भी किसी मामले में कम नहीं रहना चाहती थी। उसने तीन मिनट बाद ही गोल कर स्कोर 1-1 से बराबर कर दिया। उसके लिए यह गोल टीम के स्टार खिलाड़ी मार्सेलिन्हो ने किया। उनके इस गोल में रोबिन सिंह ने उनकी सहायता की।

मैच में दोनों ही टीमें लगातार आक्रमण कर रही थीं। पुणे अभी अपने गोल का ठीक से जश्न भी नहीं मना पाई थी कि गोवा ने एक और गोल दाग दिया। गोवा के लिए यह मैच के 12वें मिनट में बोउमोस ने कोरोमिनास की मदद से दागा। दोनों ओर के खिलाड़ी मैच में रफ्तार बनाए हुए थे। गोवा ने मैच के 20वें मिनट में एक और गोल दाग कर अपनी बढ़त को 3-1 कर दिया। इस बार जैकीचंद सिंह ने उसके लिए गोल का इंतजाम किया। कोरोमिनास की मदद से सिंह ने यह गोल दागकर मैच को रोमांचक बना दिया।

मैच में गोल की बरसात हो रही थी। गोवा के गोल के बाद पुणे ने भी जोर लगाया और 23वें मिनट में उसे इसका परिणाम भी मिल गया। इस बार उसे यह सफलता उसके कप्तान ने दिलाई। एल्फारो ने जोनाथन विला की मदद से गोल कर टीम को 2-3 पर ले आए।

मैच के 28वें मिनट में पुणे के लिए गोल करने का एक बेहतरीन मौका बना लेकिन मार्सेलिन्हो इसे सटीक शॉट में बदलने में नाकाम रहे। हालांकि अगला गोल देखने के लिए ज्यादा इंतजार नहीं करना पड़ा। आक्रमक गोवा ने 30वें मिनट में गोल करने का एक मौका गंवाया। हालांकि कोरो ने मैच के 35वें मिनट में गोल दागकर टीम की जीत सुनिश्चित की। यह उनका इस सत्र का छठा गोल है। वह अब इस टूर्नामेंट के इस सत्र में सबसे ज्यदा गोल करने वाले खिलाड़ी बन गए हैं।

दूसरे हाफ में भी दोनों टीमों ने गोल दागने की भरपूर कोशिश की। पुणे इस दौरान किसी भी हाल में गोल दागने के मूड में लगा रहा था। हालांकि कोई टीम गोल नहीं कर पाई। लेकिन दो लाल कार्ड जरूर दिखाए गए। 86वें मिनट में पुणे के डिएगो कार्लोस को रेफरी ने लाल कार्ड दिखाया तो वहीं कोरो भी अंतिम क्षणों में इसके शिकार हुए।

Quick Links