Intercontinetal Cup 2018: भारत ने चीनी तायपेई को 5-0 से हराया, सुनील छेत्री की हैट्रिक

मुंबई के अँधेरी स्पोर्ट्स क्लब में आज से शुरू हुए इंटरकॉन्टिनेंटल कप के पहले मैच में भारतीय फुटबॉल टीम ने कप्तान सुनील छेत्री की हैट्रिक की बदौलत चीनी तायपेई को एकतरफा मुकाबले में 5-0 से हरा दिया। सुनील छेत्री के अलावा भारत के लिए उदांता सिंह और प्रनोय हल्दर ने भी एक-एक गोल किया। भारत और चीनी तायपेई के अलावा इस चार दिवसीय टूर्नामेंट में केन्या और न्यूजीलैंड की टीमें भी हिस्सा ले रही हैं। भारत के लिए आज के मुकाबले में पहला गोल सुनील छेत्री ने 14वें मिनट में किया। इसके बाद 34वें मिनट में सुनील छेत्री ने मैच का अपना दूसरा गोल किया। हाफ टाइम के समय भारतीय टीम 2-0 से आगे थी। दूसरे हाफ में उदांता सिंह ने 48वें मिनट में गोल करके भारत को 3-0 से आगे कर दिया। इसके बाद 62वें मिनट में सुनील छेत्री ने एक और गोल करके मैच में अपनी हैट्रिक पूरी की। आखिर में 78वें मिनट में प्रनोय हल्दर ने एक और गोल करके भारत को 5-0 की जबरदस्त जीत दिला दी। अपने तीन गोल की बदौलत सुनील छेत्री अंतरराष्ट्रीय फुटबॉल में सबसे ज्यादा गोल करने वाले मौजूदा खिलाड़ियों में तीसरे स्थान पर पहुँच गए हैं। सुनील छेत्री के नाम फ़िलहाल 59 गोल हैं और इस समय स्पेन के डेविड विला की बराबरी पर हैं। उनसे आगे सिर्फ पुर्तगाल के क्रिस्टियानो रोनाल्डो (81) और अर्जेंटीना के लियोनेल मेसी (64) ही टॉप दो की जगह पर मौजूद हैं। भारत का अगला मैच 4 जून को केन्या के खिलाफ होगा।

Edited by Staff Editor
App download animated image Get the free App now