ISL 2020-21: अनिरुद्ध थापा ने गोल जमाने वाले बने पहले भारतीय, चेन्‍नईयन एफसी की विजयी शुरूआत

चेन्‍नईयन एफसी के अनिरुद्ध थापा
चेन्‍नईयन एफसी के अनिरुद्ध थापा

चेन्‍नईयन एफसी ने हमेशा ही अपने भारतीय युवाओं में विश्‍वास जताया है और मंगलवार को वास्‍को में तिलक मैदान पर उसे इसका फल भी मिला जब टीम ने जमशेदपुर एफसी को 2-1 से मात देकर इंडियन सुपर लीग में अपने अभियान की विजयी शुरूआत की। 22 साल के अनिरुद्ध थापा ने इंडियन सुपर लगी सीजन में अब तक गोल करने वाले पहले भारतीय और संभवत: सबसे जल्‍दी गोल करने वाले खिलाड़ी बने।

दो बार की चैंपियन चेन्नईयन एफसी ने इंडियन सुपर लीग (आईएसएल) के सातवें सीजन के अपने पहले मुकाबले में जमशेदपुर एफसी को 2-1 से हरा दिया। तिलक मैदान पर खेले गए इस मैच के तीनों गोल पहले हाफ में हुए। दो गोल चेन्नई के खाते में गए जबकि एक गोल जमशेदपुर ने किया। चेन्नई के लिए अनिरुद्ध थापा ने पहले मिनट में गोल करते हुए इस सीजन का सबसे तेज गोल किया।

25वें मिनट में इसाक वैनमालसावमा ने बॉक्स के अंदर लालियानजुआला चांग्ते को गिरा दिया। इस पर रेफरी ने पेनल्टी दी। इस्माइल गोंकान्वेस उर्फ इस्मा ने 26वें मिनट में पेनल्‍टी को गोल में तब्‍दील करके चेन्‍नई की बढ़त 2-0 कर दी। नेरिजुस वाल्सकिस ने 37वें मिनट में गोल कर जमशेदपुर की वापसी कराई और स्‍कोर 1-2 कर दिया।

वाल्सकिस ने यह संजीवनी सरीखा गोल जैकीचंद सिंह के शानदार क्रॉस पास पर किया। पहले ही मिनट में पहला गोल खाने के बाद जमशेदपुर ने पांचवें और सातवें मिनट में अच्छा मूव बनाया था लेकिन उसे सफलता नहीं मिली। बदले में चेन्नई ने 10वें मिनट में एक बड़ा मौका बनाया लेकिन जमशेदपुर के गोलकीपर टीपी रेहेनेश ने उसे बेकार कर दिया।

रेहेनेश ने 20वें मिनट में भी चांग्ते के एक प्रयास को बेकार किया लेकिन वह 26वें मिनट में पेनल्टी पर अपनी टीम को दूसरा गोल खाने से नहीं बचा सके।

चेन्‍नईयन एफसी और जमेशदपुर में गेंद को लेकर हुआ घमासान

चेन्‍नईयन एफसी और जमेशदपुर दोनों टीमों के बीच गेंद पर नियंत्रण बनाने के लिए कड़ी टक्कर हुई, लेकिन पोस्ट में गोल दागने का मौका किसी को नहीं मिला। दूसरा हाफ गोलरहित रहा।

जमशेदपुर ने दूसरे हाफ में आने के साथ ही पहला बदलाव किया। जीतेंद्र सिंह के स्थान पर निकोलस फट्जगेराल्ड मैदान पर आए जबकि रेहेनेश ने पहले हाफ में कई मौकों पर चेन्नई को रोका और उनके लिए दूसरे हाफ की शुरुआत भी ऐसी ही रही। चेन्नई ने लेफ्ट फ्लैंक से शानदार हमला किया जिसे रेहेनेश ने नाकाम कर दिया।

इसी तरह रेहेनेश ने 58वें मिनट में भी चेन्नई के एक हमले को नाकाम किया। 62वें मिनट में चेन्नई के जाकुब सिल्वेस्टर को बॉक्स में गिरा दिया गया। पेनल्टी की मांग की गई, लेकिन रेफरी ने उसे नकार दिया। इसके दो मिनट बाद जमशेदपुर को बराबरी का गोल करने का शानदार मौका मिला लेकिन बेहतरीन फ्रीकिक पर स्टीफन एज का हेडर दिशाहीन हो गया।

Quick Links

Edited by Vivek Goel