इंडियन सुपर लीग : ग्रेग स्टुअर्ट की हैट्रिक की बदौलत जमशेदपुर ने ओडिशा को हराया, आज मुंबई का सामना चेन्नई से

स्टुअर्ट की हैट्रिक का जश्न मनाते जमशेदपुर एफसी के खिलाड़ी।
स्टुअर्ट की हैट्रिक का जश्न मनाते जमशेदपुर एफसी के खिलाड़ी।

इंडियन सुपर लीग के आंठवे सीजन की पहली हैट्रिक लगाते हुए ग्रेग स्टुअर्ट ने जमशेदपुर एफसी को ओडिशा पर 4-0 से शानदार जीत दिलाई। इस जीत के साथ जमशेदपुर की टीम प्वाइंट टेबल में दूसरे नंबर पर आ गई है। ग्रेग ने शानदार तरीके से पहले ही हाफ में हैट्रिक लगाई जो सामान्य रूप से फुटबॉल मैच में कम ही देखने को मिलता है। ओडिशा की टीम पूरे मुकाबले में बेहद कमजोर नजर आई।

मैच की शुरुआत होते ही तीसरे मिनट में ग्रेग स्टुअर्ट के पास को पीटर हार्टली ने गोल में बदलकर जमशेदपुर को 1-0 की बढ़त दिलाई और जमशेदपुर एफसी के इरादे साफ कर दिए। ओडिशा एफसी इस अटैक से संभल पाती कि चौथे मिनट में ग्रेग ने ओडिशा एफसी के एक खराब पास को अपने लिए मौके में तब्दील किया और टीम के लिए दूसरा गोल कर दिया। इसके बाद पूरा पहला हाफ ग्रेग स्टुअर्ट शो बनकर रह गया। 21वें मिनट में ग्रेग ने फ्री किक को बेहतरीन अंदाज में गोल पोस्ट के अंदर डालकर स्कोर जमशेदपुर की ओर 3-0 कर दिया। ओडिशा की हालत खराब होती नजर आई। 35वें मिनट में बेहद आराम से ग्रेग गेंद को ओडिशा की गोल पोस्ट की ओर ले गए और गोल दाग भी दिया। ग्रेग ने पहले हाफ में ही अपनी हैट्रिक पूरी की, और लीग के इस सीजन की भी पहली हैट्रिक मारी।

दूसरे हाफ में कोई गोल नहीं हुआ और जमशेदपुर ने ओडिशा को 4-0 के स्कोर से मात दी। ग्रेग स्टुअर्ट को अद्भुत खेल के लिए हीरो ऑफ द मैच चुना गया। इस जीत के साथ जमशेदपुर के 6 मैच में 11 अंक हैं और वो अब दूसरे नंबर पर हैं। वहीं ओडिशा की टीम 9 अंकों के साथ चौथे स्थान पर पहुंच गई है। हालांकि पिछले सीजन में आखिरी स्थान पर रहने वाली ओडिशा अभी तक इस सीजन में अच्छा प्रदर्शन करती आई है, लेकिन जमशेदपुर के खिलाफ मिली हार ने उसे वापस ट्रैक पर आने को मजबूर जरूर किया है।

ISL में आज सीजन के 30वें मुकाबले में पिछली बार की चैंपियन और प्वाइंट टेबल की लीडर मुंबई सिटी एफसी का सामना चेन्नईयन एफसी से होगा। पिछले 5 मुकाबलों में से 4 मुकाबले जीतने वाली मुंबई के अटैक को रोकने का जिम्मा चेन्नई के डिफेंस पर होगा। चेन्नई ने अपने पिछले मैच में जमशेदपुर को 4-2 से हराया था, ऐसे में टीम के हौसले भी बुलंद हैं।

Quick Links