पुर्तगाल की टीम फीफा फुटबॉल विश्व कप 2022 के अंतिम 16 में पहुंच गई है। पुर्तगाल ने ग्रुप एच के अपने दूसरे मुकाबले में उरुग्वे को 2-0 से हराया। दो बार की चैंपियन उरुग्वे के खिलाफ दोनों गोल ब्रूनो फर्नान्डिज ने दागे। पहले मैच में पुर्तगाल ने घाना को 3-2 से हराया था और अब लगातार दूसरी जीत के साथ टीम फ्रांस और ब्राजील के साथ नॉकआउट दौर में पहुंच गई है।
पहले गोल को लेकर विवाद
लुसैल आइकॉनिक स्टेडियम में हुए मुकाबले में पुर्तगाल की टीम उरुग्वे पर शुरुआत से भारी पड़ी। पहले हाफ में यूरोपीय देश ने काफी अटैक के प्रयास किए लेकिन 32वें मिनट में उरुग्वे के रोद्रिगो बेंटेनकर के पास गोल का मौका था पर पुर्तगाली गोलकीपर डिएगो कोस्टा ने इसे रोक लिया।
54वें मिनट में फर्नान्डिज ने बाईं ओर से गेंद को उरुग्वे के गोल पोस्ट में डाला। यहां रोनाल्डो ने उछलकर हेडर का प्रयास किया। शुरुआत में गोल रोनाल्डो को ही दिया गया और उन्होंने सेलिब्रेट भी किया, लेकिन बाद में चेक करने पर गोल फर्नान्डिज के नाम किया गया।
इसके बाद सोशल मीडिया पर रोनाल्डो को कई फुटबॉल प्रेमी बुरा-भला भी कहने लगे कि वह दूसरों के नाम के गोल पर सेलिब्रेट कर रहे थे। जबकि उनके फैंस यह साबित करने में लग गए कि गोल रोनाल्डो ने ही किया। 82वें मिनट में रोनाल्डो बाहर गए और उनकी जगह गोंकालो रेमोस आए। 90वें मिनट में उरुग्वे को हैंडबॉल का नुकसान हुआ और पुर्तगालको पेनेल्टी मिली। फर्नान्डिज ने इसे भी गोल में बदला।
घाना की शानदार जीत
ग्रुप एच के दूसरे मुकाबले में घाना ने दक्षिण कोरिया को 3-2 से हरा दिया। घाना के लिए 24वें मिनट में मोहम्मद सलिसू ने गोल दाग टीम का खाता खोला। 10 मिनट बाद ही मोहम्मद कुदुस ने गोल दाग टीम को 2-0 से आगे कर दिया। दूसरे हाफ में 58वें और 61वें मिनट में कोरिया के लिए चो ग्वे-संग ने गोल कर स्कोर 2-2 कर दिया। लेकिन कुदुस ने 68वें मिनट में गोल दागा और मुकाबला घाना के पक्ष में कर दिया।
फिलहाल पुर्तगाल के क्वालीफाई करने के बाद केवल एक और टीम ग्रुप से राउंड ऑफ 16 में जाएगी। घाना के पास 3 अंक हैं जबिक उरुग्वे और कोरिया के पास 1-1 अंक है। 2 दिसंबर को जहां कोरिया का मुकाबला पुर्तगाल से होगा, तो वहीं घाना और उरुग्वे आमने-सामने होंगे।