Europa League - सेविया ने छठी बार जीता खिताब, इंटर मिलान का आत्‍मघाती गोल से सपना हुआ चकनाचूर

सेविया ने छठी बार जीता यूएफा यूरोपा लीग खिताब
सेविया ने छठी बार जीता यूएफा यूरोपा लीग खिताब

सेविया ने छठी बार यूरोपा लीग का खिताब जीता। कोलोग्‍ने में खेले गए रोमांचक मुकाबले में सेविया ने इंटर मिलान को 3-2 से मात दी। इंटर मिलान का सपना रोमेलु लुकाकू ने चकनाचूर किया, जिन्‍होंने मैच समाप्‍त होने के 16 मिनट पहले आत्‍मघाती गोल करके टीम की लुटिया डुबो दी।

फाइनल में सेविया की तरफ से लुक डि जोंग ने मैच के 12वें और 33वें मिनट में गोल दागे जबकि इंटर मिलान की तरफ से रोमेलु लुकाकू ने 5वें मिनट में पेनल्‍टी के जरिये गोल दागा। फिर 35वें मिनट में डिएगो गॉडिन ने गोल दागा। 74वें मिनट में रोमेलु लुकाको से बहुत बड़ी गलती हो गई। उन्‍होंने अपने गोलकीपर को पास देने के बजाय गेंद अपने ही पाले की जाली में भेदकर सेविया को बढ़त दिला दी। सेविया ने मैच 3-2 के अंतर से अपने पक्ष में किया।

सेविया और इंटर मिलान के बीच फाइनल मुकाबला शुरूआत से की जोरदार टक्‍कर वाला रहा। लुकाकू को पांचवें मिनट में पेनल्‍टी पर गोल करने का मौका मिला, जिसे उन्‍होंने भुनाते हुए इंटर मिलान को 1-0 की बढ़त दिलाई। फिर सेविया के लिए लुक डि जोंग ने बाजी पलटी। उन्‍होंने दोनों गोल हेडर के जरिये करते हुए सेविया को 2-1 की बढ़त पर पहुंचा दिया। मगर डिएगो गॉडिन ने जल्‍द ही गोल करके स्‍कोर 2-2 से बराबर कर दिया।

हालांकि, इटली के एक दशक में यूरोपीय ट्रॉफी और इंटर मिलान के 9 साल के खिताबी सूखे को तब जोरदार झटका लगा जब लुकाकू ने आत्‍मघाती गोल करके सेविया को 3-2 की बढ़त पर पहुंचा दिया। यही मैच का निर्णाय‍क स्‍कोर भी रहा।

सेविया ने दमदार वापसी का रास्‍ता खोजा

रोमेलु लुकाकू के सामने सेविया का डिफेंस बेबस नजर आ रहा था। लुकाकू ने मैच के शुरूआती चरण में सेविया पर दबाव बना दिया था क्‍योंकि वह गेंद लेकर अंदर तक घुस रहे थे। इसका फायदा उन्‍हें पांचवें मिनट में मिला, जिसमें वह गोल करने में कामयाब हुए। लुकाकू जिस विश्‍वास के साथ गेंद को लेकर बढ़ रहे थे, उसे देखकर लगा कि इंटर मिलान आसानी से मैच अपने नाम कर लेगा। मगर सेविया ने जोरदार वापसी की। लुका डि जोंग ने गोल करने की जिम्‍मेदारी उठाई और सेविया ने शानदार तकनीक अपनाते हुए इंटर मिलान पर दबाव बना दिया। पहले ही हाफ में चार गोल हो चुके थे।

दूसरे हाफ में दोनों टीमें एक-दूसरे को कोई मौका नहीं दे रही थी। अचानक लुकाकू से सबसे बड़ी गलती हुई और सेविया के फैंस जश्‍न में डूब गए। सेविया ने छठी बार यूरोपा कप अपने नाम किया है। सेविया का रिकॉर्ड रहा है कि उसने जब भी यूरोपा लीग के फाइनल में कदम रखा तो खिताब जीता है।

Edited by निशांत द्रविड़
App download animated image Get the free App now