रोनाल्डो और मेसी के क़रीब पहुंचे भारत के सुनील छेत्री

कप्तान सुनील छेत्री की हैट्रिक की बदौलत भारत ने शुक्रवार को मुंबई में खेले गए एकतरफा मुकाबले में चीनी ताइपे को 5-0 से हराकर 4 देशों के इंटरकॉन्टिनेंटल कप फुटबॉल टूर्नामेंट में अपने अभियान की शुरुआत जीत के साथ की। अपने 99वें अंतरराष्ट्रीय मैच में खेल रहे भारत के शीर्ष गोल स्कोरर छेत्री ने 14 वें, 34वें और 62वें मिनट में गोल दागे। इन्हीं गोलों की मदद से छेत्री सबसे ज्यादा गोलों की संख्या में संयुक्त राष्ट्र के क्लिंट डिम्पसी को पीछे छोड़ कर सबसे ज्यादा गोल दागने वाले सक्रिय खिलाड़ियों की सूची में संयुक्त रूप से डेविड विया के साथ तीसरे स्थान पर काबिज हो गए हैं।

मध्यांतर तक भारतीय टीम 2-0 से आगे थी। मैच में भारतीय टीम के दबदबे का अंदाजा इस बात से लगाया जा सकता है कि टीम ने 67 प्रतिशत मौकों पर गेंद को अपने कब्जे में रखा और मैच में अधिकांश समय भारतीय गोलकीपर गुरप्रीत सिंह संधू दर्शक ही बने रहे। भारत ने तेज शुरुआत की और जेजे लालपेखलुआ के शानदार मूव पर छेत्री ने चीनी ताइपे के गोलकीपर को छकाते हुए टीम को बढ़त दिलाई। जेजे और अनिरुद्ध थापा ने इसके बाद छेत्री के लिए एक और मौका बनाया और भारतीय कप्तान ने टीम को 2-0 से आगे कर दिया। इस गोल के साथ ही सुनील छेत्री क्लिंट डिम्पसी से आगे निकल गए।

मध्यांतर के बाद उदांता ने भारत की ओर से तीसरा गोल दागा जिन्होंने ताइपे के डिफेंस को छकाने के बाद अपने बायें पैर से दनदनाता हुआ शॉट लगाकर गेंद को गोल में पहुंचाया। 62वें मिनट में कप्तान छेत्री ने बेहतरीन गोल के साथ हैट्रिक पूरी कर अपने 59 गोल पूरे किए जिससे उन्होंने स्पेन के डेविड विया की बराबरी कर तीसरे पायदान पर जगह बनाई। अब उनसे आगे सिर्फ क्रिस्टियानो रोनाल्डो और लियोनेल मेसी हैं जिनके नाम क्रमशः 81 और 64 गोल दर्ज हैं।

अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर सबसे ज़्यादा गोल करने वाले दुनिया के 4 सर्वश्रेष्ठ फ़ुटबॉलर:

#1 क्रिस्टियानो रोनाल्डो - 81 गोल #2 लियोनेल मेसी - 64 गोल #3 डेविड विया/ सुनील छेत्री - 59 गोल #4 क्लिंट डिम्पसी - 57 गोल

अंत मे प्रनॉय हलधर ने एक और गोल दागकर भारत की 5-0 से जीत सुनिश्चित की। भारतीय टीम अपने अगले मैच में अब 4 जून को केन्या से भिड़ेगी, जबकि चीनी ताइपे को इसके अगले दिन न्यूजीलैंड के खिलाफ मैदान में उतरना है।

Edited by Staff Editor
App download animated image Get the free App now