Asian Games 2023 : आखिरी समय में गोल्ड से चूकीं गोल्फर अदिति अशोक, मिला सिल्वर मेडल

FREED GROUP Women
भारत को पहली बार एशियन गेम्स में महिला एकल गोल्फ में कोई पदक प्राप्त हुआ है।

भारत की गोल्फ स्टार अदिति अशोक को हांगझाओ एशियन गेम्स में महिला गोल्फ का सिल्वर मेडल मिला है। देश की सबसे नामी महिला गोल्फर अदिति प्रतियोगिता के तीसरे दिन तक टॉप पर चल रही थीं लेकिन चौथे और फाइनल दिन आखिरी कुछ शॉट खराब खेलने के कारण अदिति के हाथों से गोल्ड मेडल फिसल गया। भारत का यह इन खेलों में 16वां सिल्वर और कुल 41वां मेडल है।

गोल्फ की इस स्पर्धा में निर्धारित 18 होल में गेंद डालनी होती है और यह खेल चार दिनों तक चलता है। अदिति के पास चौथे दिन की शुरुआत के समय 7 स्ट्रोक की बढ़त थी और उनका गोल्ड मेडल तय माना जा रहा था। लेकिन फिर चार मौकों पर अदिति के स्ट्रोक सही नहीं पड़े और उनकी बढ़त पीछे छूट गई। अदिति ने पहले दिन 67, दूसरे दिन 66, तीसरे दिन 61 स्ट्रोक में गेंद को होल में डाला था। लेकिन चौथे और निर्णायक दिन उन्होंने 77 प्रयास में निर्धारित होल पूरे किए। इस कारण उनका कुल स्ट्रोक काउंट 271 रहा।

थाईलैंड की अरपिचया युबोल ने कुल 269 स्ट्रोक काउंट रखते हुए पहला स्थान पाया जबकि दक्षिण कोरिया की ह्यूंजू यू ने 272 स्ट्रोक के साथ ब्रॉन्ज जीता। आखिरी समय में अदिति के हाथ से यूं गोल्ड मेडल फिसलता देख देश के खेल प्रेमियों को निराशा जरूर हुई लेकिन अदिति के सिल्वर मेडल के लिए उन्हें बधाई भी मिल रही है। महिला गोल्फ में यह भारत का पहला एशियाड मेडल है और अदिति के लिए बड़ी उपलब्धि भी।

पदक से चूकी महिला टीम

गोल्फ में महिला टीम स्पर्धा में भारतीय टीम चौथे स्थान पर रही। थाईलैंड को गोल्ड, दक्षिण कोरिया को सिल्वर और चीन को ब्रॉन्ज मेडल प्राप्त हुआ। वहीं पुरुष टीम में भारत को सातवां स्थान मिला। दक्षिण कोरिया ने पहला, थाईलैंड ने दूसरा और हॉन्गकॉन्ग ने तीसरा स्थान हासिल करने में कामयाबी पाई। पुरुष एकल में हॉन्ग कॉन्ग ने गोल्ड, दक्षिण कोरिया ने सिल्वर और चीनी ताइपे ने ब्रॉन्ज अपने नाम किया।

Quick Links

Edited by निशांत द्रविड़
Be the first one to comment