3 खिलाड़ी जो Pro Kabaddi League के 11वें सीजन में सबसे ज्यादा हाई 5 लगा सकते हैं

3 players can score most high 5s pro kabaddi league 11th season shadloui ankush
PKL 11 में दिखेगा किस डिफेंडर का जलवा? (Photo Credit: instagram/@haryanasteelers, @ankushrathee_)

Players Can Score Most High-5s in PKL 11: प्रो कबड्डी लीग (Pro Kabaddi League) का कारवां अपने 11वें सीजन के मुकाम पर पहुंच गया है। इस दौरान बीते 10 सीजन के इतिहास में कुल 7 टीमें खिताबी जीत हासिल करने में सफल रही हैं। ऐसे में प्रत्येक सीजन टीम की जीत में डिफेंस का अहम योगदान देखा गया है। बतौर डिफेंडर मैच के दौरान हाई-फाइव लगाना एक बड़ी सफलता है। बता दें कि, जब खिलाड़ी एक मैच में 5 टैकल पॉइंट्स हासिल कर लेता है, तो उसे हाई-फाइव कहते हैं।

Pro Kabaddi League के 10वें सीजन के दौरान भी पुनेरी पलटन की खिताबी जीत में टीम के डिफेंस का अहम योगदान रहा था। ऐसे में इस बार PKL 11 में शामिल कई खिलाड़ी डिफेंस में शानदार प्रदर्शन करने की काबिलियत रखते हैं। आइए जानते हैं उन 3 खिलाड़ियों के बारे में Pro Kabaddi League के 11वें सीजन के दौरान मजबूत डिफेंस का प्रदर्शन करते हुए सर्वाधिक हाई 5 लगा सकते हैं।

Pro Kabaddi League 11 में सबसे ज्यादा हाई 5 लगा सकते हैं ये 3 खिलाड़ी

3. सुमित (यूपी योद्धाज)

लेफ्ट कॉर्नर डिफेंडर सुमित Pro Kabaddi League के 7वें सीजन से लेकर वर्तमान तक यूपी योद्धाज का हिस्सा हैं। सुमित ने अपने डेब्यू सीजन में शानदार प्रदर्शन करते हुए कुल 77 टैकल पॉइंट्स हासिल किए थे, जिसमें 7 हाई-5 शामिल थे। इसी दौरान वह सीजन में सुरजीत सिंह के साथ सर्वाधिक हाई 5 लगाने वाले संयुक्त रूप से शीर्ष खिलाड़ी बने थे। PKL 10 में 6 हाई-फाइव लगाने के साथ ही सुमित अपने लीग करियर में अबतक कुल 89 मैच खेलते हुए 20 हाई 5 लगा चुके हैं। सुमित लगातार अच्छा प्रदर्शन कर रहे हैं और ऐसे में वो इस सीजन सर्वाधिक हाई 5 लगाने वाले खिलाड़ी बन सकते हैं।

2. अंकुश (जयपुर पिंक पैंथर्स)

Pro Kabaddi League के 9वें सीजन में जयपुर पिंक पैंथर्स से अपना डेब्यू करने वाले अंकुश लगातार इसी टीम का हिस्सा हैं। अपने डेब्यू सीजन में अंकुश ने सर्वाधिक 9 हाई 5 लगाते हुए जयपुर पिंक पैंथर्स की खिताबी जीत में अहम भूमिका निभाई थी। वहीं, PKL 10 के दौरान भी अंकुश ने 8 हाई 5 लगाते हुए सीजन के शीर्ष 2 खिलाड़ियों में जगह बनाई थी। इन दोनों सीजन को मिलाकर अंकुश के नाम कुल 159 टैकल पॉइंट्स दर्ज हैं। अंकुश ने अभी तक निराश नहीं किया है और वो इस फॉर्म को जारी रखते हुए सबसे ज्यादा टैकल पॉइंट्स हासिल करने वाले डिफेंडर बन सकते हैं।

1. मोहम्मदरेज़ा शादलू (हरियाणा स्टीलर्स)

ईरानी स्टार ऑलराउंडर मोहम्मदरेज़ा शादलू ने Pro Kabaddi League के 8वें सीजन मे पटना पाइरेट्स के लिए अपना डेब्यू करते हुए सर्वाधिक 10 हाई 5 लगाए थे। इसके बाद PKL 10 में पुनेरी पलटन की ओर से खेलते हुए शादलू ने दोबारा से यह उपलब्धि (11 हाई-फाइव) अपने नाम दर्ज की। इन दोनों सीजन में वह बेस्ट डिफेंडर का खिताब जीतने में भी सफल रहे थे। शादलू ने अपने लीग करियर में कुल 68 मुकाबले खेलते हुए 27 हाई-फाइव लगाए हैं तथा साथ ही वह PKL इतिहास में सर्वाधिक हाई 5 लगाने वाले तीसरे खिलाड़ी हैं। PKL 11 में हरियाणा स्टीलर्स का हिस्सा बने शादलू एक बार फिर अपने प्रदर्शन की बदौलत यह कारनामा कर सकते है।

Quick Links

Edited by मयंक मेहता
App download animated image Get the free App now