Asian Games 2023 : दीपिका-हरिंदर की जोड़ी ने स्क्वॉश में जीता गोल्ड, सौरव घोषाल को सिल्वर मेडल

India at Asian Games 2023 - Squash Gold
India at Asian Games 2023 - Squash Gold

भारत ने चीन के हांगझाओ में हो रहे एशियन गेम्स 2023 में स्क्वॉश के जरिए दो और पदक अपनी झोली में डाल लिए हैं। मिक्स्ड डबल्स मुकाबले में जहां दीपिका पल्लीकल कार्तिक और हरिंदर की जोड़ी ने गोल्ड जीता तो वहीं भारत के सबसे अनुभवी स्क्वॉश खिलाड़ी सौरव घोषाल पुरुष एकल के फाइनल में हार गए और उन्हें सिल्वर मेडल से संतोष करना पड़ा। भारत ने इस बार स्क्वॉश में अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन किया है।

मिक्स्ड डबल्स के फाइनल में दीपिका पल्लीकल कार्तिक और हरिंदर पाल सिंह की जोड़ी ने मलेशिया के सियाफिक मोहम्मद और ऐफा अजमान को 11-10, 11-10 के नजदीकी अंतर से मात दी। इस स्पर्धा को पहली बार एशियाड का हिस्सा बनाया गया था।

स्क्वॉश में इस बार भारत का यह दूसरा गोल्ड है। भारतीय पुरुष टीम ने पहले ही पाकिस्तान को हराकर गोल्ड मेडल जीत लिया था जबकि महिला टीम को ब्रॉन्ज मेडल मिला था। मिक्स्ड डबल्स में अभय सिंह और अनहत सिंह की जोड़ी ने ब्रॉन्ज मेडल जीतने में कामयाबी हासिल की थी।

सौरव को लगातार पांच एकल मेडल

वहीं 37 साल के अनुभवी स्क्वॉश खिलाड़ी सौरव घोषाल एक बार फिर एकल स्पर्धा का गोल्ड जीतने से चूक गए। सौरव को फाइनल में मलेशिया के यो इयान ने 3-1 से हराया। सौरव पहला सेट जीत गए थे लेकिन फिर यो ने वापसी कर मैच 9-11, 11-9, 11-5, 11-7 से अपने नाम कर लिया। साल 2006 के दोहा एशियाड में सौरव घोषाल ने पुरुष सिंगल्स में भारत को ब्रॉन्ज के रूप में पहला स्क्वॉश मेडल दिलाया था। सौरव ने 2010 और 2018 में भी ब्रॉन्ज जीता जबकि साल 2014 में वह सिल्वर जीतने में कामयाब रहे थे। सौरव लगातार पांच एशियाड में स्क्वॉश का मेडल जीतने वाले इतिहास के इकलौते खिलाड़ी हैं। यही नहीं, सौरव पिछले चार संस्करणों में हर बार एशियाड मेडल जीतने वाली भारतीय टीम का हिस्सा रहे हैं।

19वें एशियन गेम्स में स्क्वॉश की सभी स्पर्धाएं समाप्त हो गई हैं। मलेशिया ने 3 गोल्ड, 1 सिल्वर और 1 ब्रॉन्ज के साथ कुल 5 पदक जीते। भारत के पास 2 गोल्ड, 1 सिल्वर और 2 ब्रॉन्ज मेडल आए। इस बार महिला एकल में भारत को पदक नहीं मिल सका। वहीं हांगकांग ने 2 सिल्वर और 4 ब्रॉन्ज समेत सर्वाधिक 6 मेडल अपने नाम किए।

App download animated image Get the free App now