Australian Open : 20 सालों के बाद 'बिग 3' की गैरमौजूदगी में होगा पुरुष सिंगल्स का फाइनल 

Laver Cup 2022 - Day One
जोकोविच 10, फेडरर 6 और नडाल 6 बार ऑस्ट्रेलियन ओपन फाइनल खेल चुके हैं।

साल के पहले टेनिस ग्रैंड स्लैम ऑस्ट्रेलियन ओपन की पुरुष सिंगल्स स्पर्धा में रविवार को इतिहास बनने जा रहा है। इटली के चौथी सीड यैनिक सिनर फाइनल में रूस के तीसरी वरीयता प्राप्त डेनिल मेदवेदेव का सामना करेंगे। दोनों ही अपने पहले ऑस्ट्रेलियन ओपन खिताब के लिए लड़ेंगे, लेकिन दो दशकों के बाद यह पहला मौका होगा जब फाइनल में रॉजर फेडरर, राफेल नडाल या फिर नोवाक जोकोविच में से कोई भी नहीं दिखेगा।

ऑस्ट्रेलियन ओपन के पुरुष सिंगल्स खिताब साल 2000 के बाद टेनिस के 'बिग 3' का दबदबा रहा है। साल 2004 में रॉजर फेडरर ने इस खिताब को पहली बार जीता था। इसके बाद उन्होंने 5 बार और खिताब अपने नाम किया, जबकि राफेल नडाल ने दो और जोकोविच ने 10 बार यहां खिताब जीता। साल 2005 में ऑस्ट्रेलियन ओपन का फाइनल रूस के मरात साफिन और ऑस्ट्रेलिया के लेटन ह्यूइट के बीच हुआ था। इसके बाद 2023 तक कोई ऐसा फाइनल नहीं हुआ जहां फेडरर, नडाल या जोकोविच में से कोई मौजूद ना रहा हो।

2004 में पुरुष सिंगल्स का खिताब जीतने के बाद फेडरर ने साल 2006, 2007, 2010, 2017 और 2018 में यहां खिताब जीता। राफेल नडाल ने साल 2009 और 2022 में ट्रॉफी हासिल की जबकि जोकोविच ने 2008, 2011, 2012, 2013, 2015, 2016, 2019, 2020, 2021, 2023 में खिताब जीतने में कामयाबी पाई।

इनमें से फेडरर एक बार ऑस्ट्रेलियन ओपन में उपविजेता रहे जब नडाल ने 2009 में उन्हें फाइनल में मात दी। वहीं राफेल नडाल 2012, 2014, 2017 और 2019 में उपविजेता रहे। वहीं विश्व नंबर 1 नोवाक जोकोविच आज तक एक भी बार ऑस्ट्रेलियन ओपन फाइनल नहीं हारे।

ऑस्ट्रेलियन ओपन में टेनिस के 'बिग 3' का दबदबा आप इस बात से लगा सकते हैं कि साल 2006 से 2023 के बीच हुए सभी ऑस्ट्रेलियन ओपन फाइनल में केवल साल 2014 में यह खिताब रॉजर फेडरर, नोवाक जोकोविच या राफेल नडाल को नहीं मिल पाया। साल 2014 में स्विट्जरलैंड के स्टैन वावरिंका यहां विजेता बने, जिन्होंने नडाल के खिलाफ ही यह खिताब जीता था। 2024 के फाइनल में इटली के यैनिक सिनर और रूस के डेनिल मेदवेदेव के पहुंचने के बाद 'बिग 3' के ऐतिहासिक रिकॉर्ड की चर्चा सोशल मीडिया पर जोर-शोर से हो रही है।

अब टेनिस प्रेमी रविवार को सिनर और मेदवेदेव के बीच होने वाले मुकाबले का इंतजार कर रहे हैं क्योंकि 10 सालों के बाद उन्हें एक नया ऑस्ट्रेलियन ओपन पुरुष सिंगल्स चैंपियन मिलेगा।